Sanjeev Kapoor Exclusive: ‘मास्टरशेफ ऑस्ट्रेलिया’ समय का पाबंद, समय पर शुरू समय पर खत्म - संजीव कपूर

डिजिटल डेस्क, मुंबई। ‘खाना खजाना' के जरिए भारतीय रसोई को घर-घर तक पहुंचाने वाले और देश के सबसे लोकप्रिय शेफ 62 वर्षीय संजीव कपूर आज भी दुनिया भर में भारतीय व्यंजनों के सबसे बड़े ब्रांड एंबेसडर माने जाते हैं। दशकों से अपने स्वाद और हुनर से लोगों का दिल जीतने वाले संजीव कपूर इस बार ‘मास्टरशेफ ऑस्ट्रेलिया' में स्पेशल गेस्ट जज के रूप में पहुंचे, जहां उन्होंने भारतीय व्यंजनों की विविधता, मसालों की समृद्ध परंपरा और भारतीय स्वाद का जादू दुनिया के सामने पेश किया। यह शो 6 जुलाई को जियो हॉटस्टार पर प्रसारित होगा। दैनिक भास्कर से खास बातचीत में उन्होंने मास्टरशेफ ऑस्ट्रेलिया के यादगार अनुभव, अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय खाने की बढ़ती लोकप्रियता, अपने पसंदीदा व्यंजन, बदलते फूड कल्चर पर खुलकर बात की
यह भी पढ़े -अंकिता कोंवर ने इंग्लिश चैनल रिले स्विम में इतिहास रचा, सपोर्ट के लिए पति मिलिंद सोमन का जताया आभार
सवाल-मास्टरशेफ ऑस्ट्रेलिया का अनुभव कैसा रहा ?
जवाब- मैंने कई बार अंतरराष्ट्रीय शो में भाग लिया है। बड़े शो का भी हिस्सा रहा हूं लेकिन मास्टरशेफ ऑस्ट्रेलिया दुनिया भर के जितने कूकरी और मास्टरशेफ शो हैं उनमें भी नंबर एक पर आता है। यह सबसे लोक्रपिय शो है उसका हिस्सा बनना मेरे लिए बड़े खुशी की बात है। ऑस्ट्रेलिया के मार्केट से भी मैं भलीभांति परिचित हूं। शायद जजों ने इस शो की सफलता का सही फॉर्मूला समझ लिया है। मैंने शो के निर्माता मार्टी बेन्सन से मजाक में कहा कि ‘मास्टरशेफ ऑस्ट्रेलिया' की एक यूनिवर्सिटी होनी चाहिए, जहां दुनिया भर के लोगों को सिखाया जाए कि ऐसा शो कैसे बनाया जाता है। शो समय पर शुरू हुआ और समय पर खत्म हुआ। इस शो में मैंने क्लॉक वर्क में काम किया, जबकि भारत में ऐसे नहीं होता। इस शो की सफलता के पीछे महीनों की कड़ी तैयारी और विशेषज्ञों की मेहनत है। उन्हें पता है कि उन्हें क्या शूट करना है और क्या नहीं। वहां कुकिंग एक्सपर्ट्स हर स्तर पर जुड़े रहते हैं। जबकि भारत में कई बार यह सोच होती है कि कोई भी कुकिंग शो बना देंगे, तो वह चल जाएगा।
सवाल-भारत के मास्टरशेफ शो से यह कितना अलग है ?
जवाब-भारत में मास्टरशेफ सिर्फ भारतीय देखते हैं जबकि मास्टरशेफ ऑस्ट्रेलिया पूरी दुनिया में देखा जाता है। असली मास्टरशेफ ऑस्ट्रेलिया के मास्टरशेफ को ही गिना जाता है। शो में कोई ड्रामा नहीं होता। प्रतियोगिता को वह गंभीरता से लेते हैं। भारतीय कुकिंग रियलिटी शोज के मुकाबले ऑस्ट्रेलिया में इस तरह के शो को पूरी गंभीरता से बनाया जाता है। बिलकुल नियम का पालन करते हुए असली व्यंजन बनाकर परोसा जाता है। जबकि भारत में कई प्रतियोगी अपने खाने से ज्यादा अपनी जिंदगी की भावुक कहानियों के जरिए दर्शकों से जुड़ने की कोशिश करते हैं। मैं इस पर ज्यादा टिप्पणी नहीं करना चाहता। लेकिन मैं समझता हूं कि वे ऐसा क्यों करते हैं। लेकिन मेरा मानना है कि आखिरकार सबसे ज्यादा असर आपकी डिश और उसका स्वाद छोड़ता है।
सवाल-भारतीय मसाले क्या वहां इस्तेमाल होते हैं ?
जवाब-भारतीय मसाले और भारतीय व्यंजन आज पूरी दुनिया में लोकप्रिय है। ऐसी कोई जगह नहीं है, जहां भारतीय स्वाद की मौजूदगी नहीं है। इतने सालों में मैंने यही अनुभव किया। यह बात जरूर है कि खाने को लेकर आज पहले से कहीं ज्यादा चर्चा होती है, इसलिए लोगों को बदलाव बहुत बड़ा दिखाई देता है। लेकिन खाने का स्वाद और पसंद संस्कृति के साथ धीरे-धीरे बदलती है, अचानक नहीं। आज भी लोगों को खट्टा, मीठा, तीखा और नमकीन स्वाद उतना ही पसंद है, जितना पहले था। भारतीय रेस्टोरेंट पूरी दुनिया में हैं आप उससे ही लगाइए कि वह कितने लोकप्रिय हैं।
सवाल -आपको क्या खाना पसंद है ?
जवाब- जब मास्टरशेफ को जज करता हूं तो प्रतियोगियों के हिसाब से बनाए खाने को जज करता हूं लेकिन अपनी बात करूं तो मुझे लोकल खाना ज्यादा पसंद है। मैं जहां भी यात्रा करता हूं वहां का लोकल खाना खाता हूं। एमपी, केरला में उनका खाना , विदेश में उनका खाना। जिससे मैं उनके लोकल व्यंजनों और उसकी खासियत के बारे में जान पाता हूं।
सवाल-खाना खजाना के बारे में क्या कहना चाहेंगे ?
जवाब- इसने भारतीय टेलीविजन पर कुकिंग शोज की पहचान बदल दी। करीब दो दशकों तक चले इस शो ने लोकप्रियता के नए कीर्तिमान बनाए हालांकि उस समय मेरे लिए सब कुछ बिल्कुल नया था। उस समय यह कांसेप्ट ही नया था। मुझे अंदाज नहीं था कि शो चलेगा या नहीं लेकिन यह दर्शकों को पसंद आया। 2 दशकों तक यह शो चला। इसके बाद फूड चैनल को भी पसंद किया गया। दरअसल इस शो में मेरा स्वाभाविक अंदाजही सबको ज्यादा पसंद आया। धीरे-धीरे शो में बनने वाली डिश से लेकर उसे पेश करने के तरीके तक, हर चीज में मेरी भूमिका बढ़ गई। यह मेरी जिंदगी की सबसे खूबसूरत यादों में शामिल है।
Created On :   5 July 2026 2:26 AM IST












