Maatrubhumi: सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि' को सेंसर बोर्ड से नहीं मिला सर्टिफिकेट, चीनी सोशल मीडिया पर विरोध के बाद बदला था नाम

सलमान खान की फिल्म मातृभूमि को सेंसर बोर्ड से नहीं मिला सर्टिफिकेट, चीनी सोशल मीडिया पर विरोध के बाद बदला था नाम
सलमान खान की आगामी फिल्म ‘मातृभूमि’ अटक गई है। जानिए क्यों सीबीएफसी ने फिल्म पर लगाई रोक और क्या है पूरा मामला…

डिजिटल डेस्क, मुंबई। सलमान खान इन दिनों फिल्म 'मातृभूमि' को लेकर चर्चा में हैं। 'मातृभूमि' भारतीय और चीनी सेनाओं के बीच 2020 में हुई गलवान घाटी की झड़प पर आधारित है, असल में ईद के मौके पर 17 अप्रैल को ईद के मौके पर रिलीज होने वाली थी। तब फिल्म का नाम ‘बैटल ऑफ गलवां’ था, फिर चीन में हुए विरोध के बाद फिल्म का नाम बदल दिया गया। बाद में इसकी रिलीज डेट बढ़ाकर अगस्त तय की गई थी। अब खबरें हैं कि सीबीएफसी ने फिल्म को रोक दिया है, जिससे इसका अगस्त में रिलीज होने भी मुश्किल लग रहा है।

सीबीएफसी ने अगले आदेश तक लगाई रोक

एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, सीबीएफसी ने सलमान की फिल्म 'मातृभूमि' के लिए मंजूरी का सर्टिफिकेट अगले आदेश तक रोक दिया है। रिलीज होने से पहले ही इस फिल्म को लेकर चीन में विवाद खड़ा हो गया था। इसका टीजर ऑनलाइन आने के बाद कई Weibo यूजर्स ने फिल्म पर गलवान घाटी की झड़प को गलत तरीके से दिखाने का आरोप लगाया था।

फिल्म पर विदेश मंत्रालय ने दी थी सफाई

इसी साल जनवरी में भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) से भी इस फिल्म को लेकर सवाल पूछा गया था। तब ऐसी खबरें आई थीं कि विदेश मंत्रालय ने भारत और चीन के सैनिकों के बीच छह साल पहले हुई झड़प पर बन रही इस फिल्म को लेकर आपत्ति जताई है। इस पर सफाई देते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था कि भारत में फिल्म निर्माण से जुड़े मामलों को संबंधित अथॉरिटी ही देखती है। इस तरह के मामलों में विदेश मंत्रालय का कोई रोल नहीं होता है। उन्होंने साफ किया था कि मंत्रालय की तरफ से फिल्म पर कोई रोक नहीं लगाई गई है।

कर्नल संतोष बाबू के रोल में दिखेंगे सलमान खान

फिल्म 'मातृभूमि' का टीजर 27 दिसंबर 2025 को सलमान खान के 60वें जन्मदिन पर रिलीज किया गया था। इस फिल्म में सलमान खान 16 बिहार रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल संतोष बाबू का किरदार निभा रहे हैं।

Created On :   3 July 2026 6:30 PM IST

Tags

Next Story