- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- युवक कांग्रेस शहर अध्यक्ष पद पर...
छात्रों की गूंज: युवक कांग्रेस शहर अध्यक्ष पद पर सस्पेंस अभी बरकरार, दावेदारों को जिम्मेदारी भी दी

Nagpur News. युवक कांग्रेस के नागपुर शहर अध्यक्ष पद को लेकर अभी भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। संगठन सृजन अभियान के तहत नए शहर अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया जारी है। संगठन की ओर से दावा किया जा रहा है कि इस बार बिना किसी सिफारिश के कार्य और प्रदर्शन के आधार पर अध्यक्ष का चयन किया जाएगा। हालांकि दावेदारों की सूची में प्रमुख नेताओं के करीबी कार्यकर्ताओं के नाम सामने आने से चयन प्रक्रिया उलझती नजर आ रही है।
मूल्यांकन किया जा रहा है
जानकारी के अनुसार शहर अध्यक्ष पद की दौड़ में मेहुल आडवाणी, अक्षय हेटे, हेमंत कातुरे, रौनक चौधरी, तौसिफ शेख और अभिषेक धवड़ प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। इसके साथ ही संगठन ऐसे कार्यकर्ता की भी तलाश में है जिसकी पहचान किसी खास नेता के समर्थक के रूप में न हो और जो संगठनात्मक स्तर पर सक्रिय रहा हो। संगठन सूत्रों के मुताबिक करीब तीन माह पहले अध्यक्ष पद के इच्छुक उम्मीदवारों को विभिन्न संगठनात्मक कार्यों का टास्क दिया गया था। प्रदेश प्रभारी अजय चिकारा, प्रदेश अध्यक्ष शिवराज मोरे और अन्य पदाधिकारियों ने इच्छुक उम्मीदवारों के साक्षात्कार भी लिए हैं। उम्मीदवारों के कार्य, सक्रियता और जनसंपर्क अभियान में भागीदारी के आधार पर मूल्यांकन किया जा रहा है।
दावेदारों को जिम्मेदारी भी दी
वर्तमान में युवक कांग्रेस की ओर से “छात्रों की गूंज” अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत गैर राजनीतिक छात्रों और युवाओं से संवाद स्थापित करने, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाने, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, घरेलू कामगारों की समस्याओं समेत विभिन्न जनहित के मुद्दों पर आंदोलन और प्रदर्शन करने की जिम्मेदारी भी दावेदारों को दी गई है।
लेकिन गुटबाजी का भी असर
संगठन में गुटबाजी का असर भी नियुक्तियों पर दिखाई दे रहा है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुणाल राऊत की जगह शिवराज मोरे की नियुक्ति के बाद नागपुर और आसपास के क्षेत्रों में संगठनात्मक फैसलों को लेकर खींचतान की चर्चा है। हाल ही में दीक्षाभूमि से संबंधित पोस्टर विवाद को भी इसी गुटबाजी से जोड़कर देखा जा रहा है। नागपुर के अलावा गोंदिया, भंडारा, वर्धा, अमरावती शहर, अकोला ग्रामीण में अध्यक्ष पद का चयन लंबित है।
घोषणा जल्द
प्रदेश अध्यक्ष शिवराज मोरे ने कहा कि नागपुर सहित 23 शहरों और जिलों के अध्यक्ष पदों को लेकर निर्णायक चर्चा पूरी हो चुकी है। कार्य समीक्षा के आधार पर चयन किया जा रहा है और जल्द ही शहर अध्यक्ष समेत अन्य महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियों की घोषणा की जाएगी।
Created On :   5 July 2026 7:53 PM IST












