- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नाली के लिए खोदे गए गड्ढे बरसाती...
लापरवाही: नाली के लिए खोदे गए गड्ढे बरसाती पानी से हुए लबालब, खामियाजा भुगत रहे किसान

Nagpur News. कलमना मंडी में नाली बनाने के लिए खोदे गए गड्ढे हादसों को आमंत्रण दे रहे हैं। बारिश का पानी जमा होने के बाद गड्ढे का पता ही नहीं चलता। दुकानों में अनाज लेकर आने वाले वाहन भी गड्ढों में फंस रहे हैं। प्रशासन की इस गंभीर लापरवाही का खामियाजा मंडी में आनेवाले ग्राहकों, व्यापारियों ओर किसानों को भुगतना पड़ रहा है। कुछ दिन पहले ही इन गड्ढों में एक कार का चक्का चला गया था। यदि समय रहते सतर्कता नहीं बरती जाती तो एक बड़ा हादसा हो सकता था।
दावों की खुली पोल
बारिश ने विकास कार्यों के दावों की पोल खोल कर रख दी है। पाइपलाइन के लिए खोदे गए गड्ढों से जो मिट्टी निकाली गई थी, उसे सड़क के किनारे ही छोड़ दिया गया है। पूरी सड़क भारी कीचड़ में तब्दील हो गई है। बाजार में आने वाले वाहनों और पैदल चलने वालों का इस कीचड़ के कारण आवागमन बेहद दूभर हो गया है।
जानलेवा हुए गड्ढे : अनाज व्यापारी रमेश उमाठे ने बताया कि मार्केट में सबसे खतरनाक स्थिति यह है कि बारिश के कारण खोदे गए गहरे गड्ढों में पानी भर गया है। पानी जमा होने की वजह से वाहन चालकों को गड्ढों का अंदाजा ही नहीं मिल पा रहा है। व्यापारिक गतिविधियों के चलते मार्केट में भारी वाहनों की आवाजाही रहती है, ऐसे में इन अदृश्य गड्ढों के कारण किसी बड़े हादसे या दुर्घटना की आशंका हर पल बनी हुई है।
यह भी पढ़े -यात्री करें भी तो क्या - मोरभवन में भीषण गर्मी में शेड का अभाव, बरसात में गड्ढों से परेशानी
व्यापारियों का फूटा गुस्सा
धान्य गंज आढ़तिया मंडल के अध्यक्ष गोपाल कलमकर ने बताया कि इस अव्यवस्था को लेकर स्थानीय व्यापारियों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। मंडी में नालियों का काम पिछले डेढ़ साल से चल रहा है और अब तक काम पूरा नहीं हुआ है। सीमेंट रोड के किनारे से लगाए गए पेवर्स ब्लॉक भी बारिश के पानी को रोक रहे हैं। चेंबर तक पानी पहुंच नहीं पा रहा है। प्रशासन को मानसून की समय-सीमा का अच्छी तरह अंदाजा था।
यह पूरा काम बारिश शुरू होने से पहले ही निपटा लिया जाना चाहिए था। बाजार को इस तरह खोदकर छोड़ देना न सिर्फ व्यापार को प्रभावित कर रहा है, बल्कि लोगों की जान को भी जोखिम में डाल रहा है।
यह भी पढ़े -जन्म प्रमाण-पत्र की जालसाजी - 3000 में थमा दिए फर्जी सर्टिफिकेट, झोपड़पट्टियों में अज्ञानता का उठाया फायदा
त्वरित कार्रवाई की मांग
अनाज व्यापारी जयेश शाह, ललित जैस, पुुरुषोत्तम अग्रवाल, संदीप मोटवानी और शरद अग्रवाल ने मांग की है कि प्रशासन तुरंत इस मामले का संज्ञान ले। गड्ढों के आस-पास बैरिकेड्स लगाए जाएं, रास्तों से कीचड़ साफ किया जाए और जब तक बारिश का दौर जारी है, तब तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके।
Created On :   5 July 2026 7:39 PM IST












