जल-जमाव के चलते परेशानी: यात्री करें भी तो क्या - मोरभवन में भीषण गर्मी में शेड का अभाव, बरसात में गड्‌ढों से परेशानी

यात्री करें भी तो क्या - मोरभवन में भीषण गर्मी में शेड का अभाव, बरसात में गड्‌ढों से परेशानी
  • बजट में बड़ी घोषणाओं के बाद भी घोर अनदेखी
  • रोजाना 690 बसों का संचालन, करीब 1.40 लाख यात्रियों का आना-जाना और व्यवस्था राम भरोसे

Nagpur News. सीताबर्डी परिसर स्थित मोरभवन बस डिपो के गड्ढे भरने के निर्देश दिए गए हैं। शनिवार को मनपा आयुक्त डॉ. विपिन ने परिवहन समिति सभापति मंगला खेकरे के साथ इस बस डिपो का निरीक्षण किया। पिछले कुछ दिन से परिसर में जलजमाव के चलते खासा हंगामा हो रहा था।

तुरंत असर दिखा

शनिवार को मनपा आयुक्त ने डिपो परिसर का संयुक्त दौरा किया। तत्काल गड्ढों में मुरूम डालकर रोलिंग करने का निर्देश दिया। बरसात कम होने पर मुरूम वाले स्थान पर दोबारा से रोलिंग कर हॉटमिक्स विभाग से डामरीकरण करने को कहा। असर यह हुआ कि दोपहर में ही डामर रास्तों के मलबे को डालकर गड्‌ढों को भरने का प्रयास किया गया।

यह भी निर्देश

मनपा आयुक्त ने इसके अलावा डिपो परिसर की सुरक्षा के लिए सुरक्षा रक्षक नियुक्त करने का भी निर्देश दिया। यात्री निवारागृह, स्मार्ट टॉयलेट का निरीक्षण कर स्वच्छतागृह को सीएसआर निधि से संचालन करने का निर्देश देते हुए परिसर में बांबू के पेड़ लगाने का भी निर्देश अधिकारियों को दिया।

महत्वपूर्ण डिपो, लेकिन लगातार अनदेखी

परिवहन विभाग से आपली बस सेवा में मोरभवन से प्रतिदिन 690 बसों के संचालन की योजना बनाई गई है, वर्तमान में 125 रूट पर 580 बसों का संचालन हो रहा है। इन रूट में शहर के 10 किमी परिधि के साथ कलमेश्वर, टाकलघाट, खापरखेड़ा, हिंगना, बहादुरा, कामठी-कन्हान, डिफेन्स का समावेश है। रोजाना मोरभवन से चलने वाली बसों में करीब 1 लाख 40 हजार से अधिक यात्री प्रवास करते हैं। इतना महत्वपूर्ण डिपो होने के बाद भी परिवहन विभाग से बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। भीषण गर्मी में शेड के अभाव में भटकना पड़ता है, जबकि बरसात में गड्‌डों से परेशान होना पड़ रहा है। बजट में बड़ी घोषणाओं के बाद भी परिवहन विभाग से अनदेखी हो रही है।

ये थे उपस्थित

मोरभवन के निरीक्षण के दौरान परिवहन समिति के सदस्य नगरसेवक सुधीर (बंडू) राऊत, विजय होले, पूजा पाठक, अतिरिक्त आयुक्त अंकित, प्रभारी अतिरिक्त आयुक्त मिलिंद मेश्राम, प्रशासकीय अधिकारी योगेश लुंगे, ऑपरेशन व्यवस्थापक राजीव घाटोले, चलो प्रोजेक्ट के विशाल कनोजिया, बस ऑपरेटर्स समेत अन्य उपस्थित थे।

Created On :   5 July 2026 7:24 PM IST

Tags

Next Story