- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नीट-यूजी पुनर्परीक्षा में फिर बड़ी...
असंतोष बढ़ा: नीट-यूजी पुनर्परीक्षा में फिर बड़ी गड़बड़ी, फिजिक्स पेपर में दो सवाल गलत

Nagpur News. गत 21 जून को आयोजित नीट-यूजी पुनर्परीक्षा के सफल आयोजन के बाद विवाद थमता नजर आ रहा था, मगर इस परीक्षा से जुड़ी एक नई गंभीर गड़बड़ी सामने आई है। जानकारी के अनुसार, फिजिक्स के प्रश्नपत्र में दो बड़ी त्रुटियां पाई गई हैं। छात्रों में एक बार फिर असंतोष बढ़ गया है।
एक में सही उत्तर नहीं, दूसरे में दो सही
पहली गलती ऐसे प्रश्न में सामने आई है, जिसका कोई भी सही उत्तर विकल्पों में मौजूद नहीं था। टीचर्स के अनुसार, वर्नियर कैलिपर्स से संबंधित इस प्रश्न का सही उत्तर 1.6 सेमी होना चाहिए था, लेकिन दिए गए चारों विकल्प गलत थे। इस त्रुटि के चलते राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने निर्णय लिया है कि इस प्रश्न को हटा दिया जाएगा और सभी परीक्षार्थियों को इसके लिए चार बोनस अंक दिए जाएंगे। दूसरी बड़ी गलती इलेक्ट्रोमैग्नेटिक वेव्स से जुड़े प्रश्न में सामने आई है। सामान्यतः किसी प्रश्न का एक ही सही उत्तर होता है, लेकिन इस प्रश्न में दो विकल्प सही पाए गए हैं। ऐसे में दोनों उत्तरों को सही माना जाएगा।
चारों सेट के प्रश्नों में त्रुटि
नीट परीक्षा में चार प्रश्न सेट होते हैं, और इन सभी चारों सेट में यह त्रुटि पाई गई है। हालांकि, एनटीए द्वारा जारी उत्तर कुंजी में इन प्रश्नों को सभी सेट में ड्रॉप किया गया है तथा दूसरे प्रश्न के उत्तर के लिए दो विकल्प सही माने गए हैं। पहले प्रश्न सेट में यह त्रुटि प्रश्न संख्या 26 और 38 में है। दूसरे प्रश्न सेट में प्रश्न संख्या 36 और 43 में गलती पाई गई है। तीसरे प्रश्न सेट में प्रश्न संख्या 22 और 40 में त्रुटि है। वहीं, चौथे प्रश्न सेट में प्रश्न संख्या 2 और 5 में यह गलती सामने आई है।
यह भी पढ़े -कर्ज के दबाव से पलायन की आशंका पूरा परिवार हुआ गायब, परिजन पहुंचे थाने, मोबाइल का लोकेशन पुणे
720 अंकों का होता है पेपर
नीट-यूजी परीक्षा में कुल 180 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाते हैं, जिनमें प्रत्येक सही उत्तर के लिए 4 अंक निर्धारित होते हैं। प्रश्नपत्र को फिजिक्स, केमिस्ट्री, बॉटनी और जूलॉजी के 45-45 प्रश्नों में विभाजित किया जाता है, जिससे कुल अंक 720 होते हैं। गौरतलब है कि 21 जून को आयोजित पुनः परीक्षा में शामिल अधिकांश छात्रों ने पेपर को कठिन बताया था, विशेष रूप से फिजिक्स सेक्शन को लेकर अधिक शिकायतें सामने आई थीं।
एनटीए का नियम स्पष्ट
एनटीए के आधिकारिक पोर्टल पर स्पष्ट उल्लेख है कि यदि किसी प्रश्न का कोई सही उत्तर नहीं होता, प्रश्न गलत होता है या उसे हटाया जाता है, तो सभी उम्मीदवारों को उस प्रश्न के पूरे अंक दिए जाएंगे, चाहे उन्होंने उस प्रश्न का प्रयास किया हो या नहीं। इस नई गड़बड़ी के सामने आने के बाद एक बार फिर परीक्षा की पारदर्शिता और प्रश्नपत्र की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
Created On :   5 July 2026 6:37 PM IST












