पड़ताल: कर्ज के दबाव से पलायन की आशंका पूरा परिवार हुआ गायब, परिजन पहुंचे थाने, मोबाइल का लोकेशन पुणे

कर्ज के दबाव से पलायन की आशंका पूरा परिवार हुआ गायब, परिजन पहुंचे थाने, मोबाइल का लोकेशन पुणे
  • एक ही परिवार के पांच सदस्यों के रहस्यमय परिस्थितियों में अचानक लापता हो जाने की घटना
  • न तो किसी रिश्तेदार को कोई सूचना दी और न ही पीछे कोई संदेश छोड़ा

Nagpur News. धंतोली थाना क्षेत्र से एक ही परिवार के पांच सदस्यों के रहस्यमय परिस्थितियों में अचानक लापता हो जाने की घटना ने शहर में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घर से निकले इस परिवार ने न तो किसी रिश्तेदार को कोई सूचना दी और न ही पीछे कोई संदेश छोड़ा। कई दिनों तक तलाश के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। अब पुलिस इस पूरे मामले को हर पहलू से खंगाल रही है।

रिश्तेदार ने की शिकायत

साईनाथ रामोड, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक, धंतोली थाना के मुताबिक यह सही बात है कि धंतोली इलाके से एक ही परिवार के 5 लोग अचानक गायब हो गए, उनका लास्ट लोकेशन पुणे मिला है, इसके बाद से उनका कुछ पता नहीं है, शायद उन लोगों ने सिमकार्ड बदल दिया होगा, उन पर कर्जबाजारी होने के कारण घर छोडकर जाने पर मजबूर होने की बात पुलिस को पता चली है।

ये है मामला

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, धंतोली के बलराज मार्ग स्थित प्लॉट नंबर-40, ‘दुर्गा सदन' में श्यामसुंदर कीमतराय परसवानी (71) अपने संयुक्त परिवार के साथ रहते हैं। इसी मकान में उनके दिवंगत भाई सुरेश परसवानी का परिवार भी निवास करता था। बताया गया कि गत 24 जून की शाम करीब 6 बजे सुरेश परसवानी के परिवार के पांचों सदस्य घर से निकले, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटे। शुरुआत में परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। आखिरकार 29 जून को श्यामसुंदर परसवानी ने धंतोली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। लापता लोगों में हर्षा सुरेश परसवानी (57), जितेंद्र सुरेश परसवानी (42), ईशिता जितेंद्र परसवानी (40), खुशी जितेंद्र परसवानी (21) और 12 वर्षीय बालक शामिल हैं। एक ही परिवार के पांच सदस्यों, जिनमें एक युवती और एक मासूम बालक भी शामिल हैं, के अचानक गायब होने से आसपास के क्षेत्र में चिंता और चर्चा का माहौल है। धंतोली पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह संभावना सामने आई है कि परिवार पर आर्थिक देनदारियों का दबाव था और संभवतः कर्ज चुकाने से बचने के उद्देश्य से उन्होंने शहर छोड़ा हो। हालांकि पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंच नहीं पा रही है और हर संभावना की जांच कर रही है।

जानकारी जुटाई जा रही है

जांच के दौरान पुलिस को लापता सदस्यों के मोबाइल फोन की अंतिम लोकेशन पुणे में मिली है। इसके आधार पर संबंधित स्थानों से जानकारी जुटाई जा रही है और पुलिस टीम तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

Created On :   5 July 2026 6:28 PM IST

Tags

Next Story