नागपुर मनपा: प्रतिमाह दूसरे और चौथे शुक्रवार को जोन स्तर पर होगा लोकशाही दिन, आयुक्त ने जारी किया परिपत्र

प्रतिमाह दूसरे और चौथे शुक्रवार को जोन स्तर पर होगा लोकशाही दिन, आयुक्त ने जारी किया परिपत्र
  • सोमवार को मनपा मुख्यालय में होगा लोकशाही दिन
  • सामान्य प्रशासन विभाग को भेजनी होगी रिपोर्ट
  • अधिकारियों के लिए तय की गई नियमावली

Nagpur News. महानगरपालिका आयुक्त डॉ. विपीन ने हाल ही में एक परिपत्र जारी कर अधिकारियों को नागरिक शिकायत निवारण के लिए नियमित रूप से लोकशाही दिन आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत प्रत्येक जोन के सहायक आयुक्त को हर माह के दूसरे और चौथे शुक्रवार सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक नागरिकों की शिकायतें सुनकर उनका यथाशीघ्र निराकरण सुनिश्चित करना होगा। इस दौरान प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का अलग से संकलन कर संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

अधिकारियों के लिए तय की गई नियमावली

नागरिक शिकायत निवारण दिवस पर सभी जोन के सहायक आयुक्त तथा संबंधित विभागों के प्रमुखों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। साथ ही, ई-संवाद प्रणाली विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अपरिहार्य कारणों से कार्यालय नहीं पहुंच पाने वाले दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिक ऑनलाइन माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकें। ई-संवाद प्रणाली विकसित करने की जिम्मेदारी मनपा के सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग को सौंपी गई है। इसके अलावा प्रत्येक जोन कार्यालय में क्यूआर कोड सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।

सामान्य प्रशासन विभाग को भेजनी होगी रिपोर्ट

जोन स्तर पर प्राप्त शिकायतों और उनके निराकरण की नियमित रिपोर्ट सामान्य प्रशासन विभाग को भेजना अनिवार्य होगा। शिकायतों के निपटारे में अनावश्यक देरी न हो, इसके लिए भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सभी विभाग प्रमुखों को ऑफलाइन और ऑनलाइन प्राप्त शिकायतों, उन पर की गई कार्रवाई, लंबित शिकायतों तथा उनके लंबित रहने के कारणों का विस्तृत ब्यौरा तैयार कर नियमित रूप से जोन के सहायक आयुक्त के माध्यम से सामान्य प्रशासन विभाग को भेजना होगा।

सोमवार को मनपा मुख्यालय में होगा लोकशाही दिन

महानगरपालिका मुख्यालय में प्रत्येक माह के पहले सोमवार को लोकशाही दिन आयोजित किया जाता है। इसी क्रम में इस माह का लोकशाही दिन 6 जुलाई, सोमवार को सुबह 10 बजे मनपा मुख्यालय स्थित डॉ. पंजाबराव देशमुख स्थायी समिति सभागार में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर विभागीय आयुक्त कार्यालय में प्राप्त शिकायतों के निराकरण की भी समीक्षा की जाएगी और आवश्यक मामलों का समाधान किया जाएगा।

Created On :   5 July 2026 8:30 PM IST

Tags

Next Story