- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- सगाई की खबर मिलते ही प्रेमिका...
सगाई की खबर मिलते ही प्रेमिका पहुंची थाने, फेसबुक पर हुई थी दोस्ती, शादी का झांसा देकर रेप का आरोप

Nagpur News. फेसबुक पर हुई दोस्ती प्यार में बदली। युवक ने शादी का भरोसा देकर युवती से वर्षों तक संबंध बनाए, लेकिन जब उसकी सगाई किसी दूसरी युवती से होने की जानकारी मिली तो पीड़िता सीधे पुलिस थाने पहुंच गई। युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शादी का झूठा वादा कर रेप और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 25 वर्षीय युवती एक निजी कंपनी में कार्यरत है। वर्ष 2019 में पढ़ाई के दौरान उसकी फेसबुक पर आदमपाड़ा चौक, लकड़गंज निवासी अमन गणेश धकाते (28) से पहचान हुई। शुरुआत में दोनों के बीच फेसबुक पर बातचीत हुई, फिर मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान हुआ और मुलाकातों का सिलसिला शुरू हो गया।
यह भी पढ़े -ओबीसी के नाम पर पद लेने वाले भाजपा नेताओं को प्रफुल गुडधे का पत्रास्त्र, 82 नेताओं से मांगा जवाब
शिकायत के मुताबिक, एक मुलाकात के दौरान अमन ने युवती के सामने शारीरिक संबंध बनाने का प्रस्ताव रखा। युवती के इनकार करने पर उसने कुछ महीनों में शादी करने का वादा किया। इसी भरोसे पर दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। बाद में युवती ने अमन का परिचय अपने माता-पिता से भी कराया और शादी को लेकर बातचीत हुई। हालांकि, अमन यह कहकर बात टालता रहा कि उसके माता-पिता प्रेम विवाह के पक्ष में नहीं हैं और कुछ समय इंतजार करना होगा।
सगाई की जानकारी मिलते ही सामने आई सच्चाई
आरोप है कि वर्ष 2019 से जून 2026 तक अमन युवती को विभिन्न स्थानों पर ले जाकर उसे अपनी पत्नी बताता रहा और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। पिछले तीन-चार महीनों से जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाना शुरू किया, तो वह लगातार टालमटोल करने लगा।
यह भी पढ़े -ऑर्गेनिक घास खाने वाली गाय के दूध की चाय पीने की आदत, मंत्री आशीष जयस्वाल बोले - मैं मुंबई में चाय नहीं पीता
इसी बीच 3 जुलाई को युवती को पता चला कि अमन की सगाई हो चुकी है। इसके बाद वह अपनी मां के साथ उसके घर पहुंची। आरोप है कि वहां अमन और उसके परिजनों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया, गाली-गलौज की और शादी से साफ इनकार करते हुए घर से भगा दिया।
इसके बाद युवती ने कलमना पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अंतिम तथ्य जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे।
Created On :   6 July 2026 7:27 PM IST






