गंगटोक में उमड़ी भीड़, जश्न का माहौल, प्रधानमंत्री मोदी की सिक्किम यात्रा का लोगों ने किया स्वागत

गंगटोक में उमड़ी भीड़, जश्न का माहौल, प्रधानमंत्री मोदी की सिक्किम यात्रा का लोगों ने किया स्वागत
राज्य भर से हजारों लोग पीएम मोदी की एक झलक पाने और इस ऐतिहासिक क्षण में भाग लेने के लिए उमड़ पड़े।

गंगटोक, 27 अप्रैल (आईएएनएस) सिक्किम के राज्य बनने की 50वीं वर्षगांठ के समापन समारोह के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सिक्किम में हुए रोड शो के बाद गंगटोक में उत्साह और उत्सव का माहौल छा गया। राज्य भर से हजारों लोग पीएम मोदी की एक झलक पाने और इस ऐतिहासिक क्षण में भाग लेने के लिए उमड़ पड़े।

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर उमड़ रहे उत्साह को दर्शाते हुए राजधानी की सड़कें सुबह से ही लोगों से खचाखच भरी हुई थीं। सिक्किम के सुदूर और दुर्गम क्षेत्रों से निवासी इस अवसर का हिस्सा बनने के लिए लंबी दूरी तय करके आए, जिससे यह रोड शो जयकारे, संगीत और उत्सवों से सराबोर एक विशाल जनसभा में तब्दील हो गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा पर सिक्किम के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव बिकाश बसनेट ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, "गंगटोक में हर कोई बहुत उत्साहित था। लोग सुबह से ही इकट्ठा होने लगे थे। लगभग एक साल से हम उनके आने का इंतजार कर रहे थे। सिक्किम के दूर-दराज के इलाकों से लोग गंगटोक आए और शहर का हर कोना लोगों से भरा हुआ था। समाज के हर वर्ग के लोग प्रधानमंत्री का स्वागत करने आए थे। यह सिक्किम के हर नागरिक के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण था।"

प्रधानमंत्री का दौरा राज्य के स्वर्ण जयंती समारोहों के साथ हुआ, जिससे इस आयोजन का महत्व और भी बढ़ गया।

सिक्किम स्पोर्ट्स क्लाइम्बिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष और एवरेस्ट पर्वतारोही कुनजंग ग्यात्सो ने कहा, "हम बहुत उत्साहित हैं, क्योंकि हम पिछले साल से भी उनका इंतजार कर रहे थे, लेकिन खराब मौसम के कारण वे नहीं आ सके। हालांकि, इस बार वे यहां आ गए हैं और हम बहुत खुश हैं। स्वर्ण जयंती समारोह में उन्हें आमंत्रित करने के लिए मैं मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग का धन्यवाद करता हूं।"

पूर्व सैनिक सूबेदार रंजीत खालिंग ने कहा, "प्रधानमंत्री को यहां देखकर हम इतने उत्साहित थे कि इसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। पूर्वोत्तर के हमारे छोटे से राज्य में इतने बड़े नेता का आना हमारे लिए बहुत गर्व का क्षण है। शिक्षा में सुधार और पानी की उपलब्धता के अनुसार 200 यूनिट बिजली फ्री जैसी घोषणा प्रधानमंत्री को करना चाहिए। 50 साल में राज्य ने बहुत विकास किया है।"

प्रधानमंत्री का रोड शो समाप्त होने के बाद भी गंगटोक में उत्सव का माहौल बना रहा। लोग नाचते-गाते और समूहों में सड़कों पर घूमते हुए उत्सव के माहौल में डूबे हुए नजर आए। शहर में मेले जैसा माहौल था, जहां स्थानीय लोग और पर्यटक समान रूप से उत्साह का अनुभव कर रहे थे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   27 April 2026 9:57 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story