मेघालय सरकार सभी जिलों के समान विकास के लिए प्रतिबद्ध सीएम कॉनराड संगमा

मेघालय सरकार सभी जिलों के समान विकास के लिए प्रतिबद्ध सीएम कॉनराड संगमा
मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने गुरुवार को कहा कि राज्य सरकार सभी जिलों में समान और संतुलित विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विशेष विकास कोष (सीएमएसडीएफ) राज्यभर के समुदायों की तत्काल विकास संबंधी जरूरतों को पूरा करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है।

शिलांग, 23 जुलाई (आईएएनएस)। मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने गुरुवार को कहा कि राज्य सरकार सभी जिलों में समान और संतुलित विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विशेष विकास कोष (सीएमएसडीएफ) राज्यभर के समुदायों की तत्काल विकास संबंधी जरूरतों को पूरा करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है।

शिलांग स्थित अपने आधिकारिक आवास पर मुख्यमंत्री विशेष विकास कोष के तहत स्वीकृति पत्र (सैंक्शन लेटर) वितरित करने के बाद मुख्यमंत्री संगमा ने कहा कि यह कोष ऐसे विकास कार्यों के लिए समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराता है, जिनका लोगों के जीवन पर सीधा सकारात्मक प्रभाव पड़ता है और जो सरकार की बड़ी विकास योजनाओं के पूरक के रूप में काम करते हैं।

उन्होंने कहा, "सीएमएसडीएफ समुदायों की तत्काल विकास आवश्यकताओं को पूरा करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके जरिए सरकार ऐसे परियोजनाओं को समय पर सहायता प्रदान कर पाती है, जिनसे लोगों के जीवन में सीधे सुधार आता है।"

मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों और परियोजनाओं को लागू करने वाली एजेंसियों से अपील की कि स्वीकृत कार्यों को तय समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को इन योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।

इस योजना के तहत राज्यभर में सामुदायिक संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों, खेल संगठनों और स्थानीय निकायों को बुनियादी ढांचे और जनसेवा से जुड़ी परियोजनाओं के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की गई है।

लाभार्थियों में सिनजुक रंगबह श्नोंग दोरबार रैड मथान, चिबाक अगलगिट्टिम स्पोर्ट्स एंड कल्चरल क्लब, लैतनोंग्रिम अपर प्राइमरी स्कूल, चर्च ऑफ गॉड (एम एंड ए), सोहरिंगखाम, रंगथोंग कल्चरल क्लब एंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन, रीच शिलांग मिनिस्ट्रीज, मिजो वूमेन वेलफेयर सोसायटी, उम्पलिंग प्रेस्बिटेरियन सेकेंडरी स्कूल, सेंट एंथनी हायर सेकेंडरी स्कूल सहित विभिन्न जिलों के सामुदायिक प्रतिनिधि शामिल रहे।

स्वीकृत परियोजनाओं में स्कूल भवन और अतिरिक्त कक्षाओं का निर्माण, सामुदायिक एवं बहुउद्देशीय भवन, सामुदायिक संगठनों के कार्यालय, स्कूलों और सार्वजनिक संस्थानों में स्वच्छता सुविधाएं, बास्केटबॉल कोर्ट, कपड़े धोने के प्लेटफॉर्म, पेयजल सुविधाएं, एंबुलेंस सेवाओं के लिए सहायता, खेल उपकरण, शैक्षणिक संसाधन और अन्य सामुदायिक बुनियादी ढांचे का विकास शामिल है।

मुख्यमंत्री संगमा ने कहा कि स्थानीय स्तर पर चिन्हित परियोजनाएं जमीनी स्तर की संस्थाओं को मजबूत करने और लोगों तक आवश्यक सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार शिक्षा, खेल और सामुदायिक कल्याण को बढ़ावा देने वाली पहलों के साथ-साथ स्थायी सार्वजनिक परिसंपत्तियों के निर्माण के लिए आगे भी सहयोग जारी रखेगी।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामुदायिक नेता और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे। लाभार्थियों ने राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन योजनाओं से सामुदायिक संस्थाओं को मजबूती मिलेगी और मेघालय में सार्वजनिक बुनियादी ढांचे का विकास तेज होगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   23 July 2026 4:55 PM IST

Tags

Next Story