श्रीराम मंदिर ट्रस्ट की धार्मिक समिति की बैठक, रामानंद दास बोले- रामानंदी परंपरा के अनुसार होंगे धार्मिक अनुष्ठान

श्रीराम मंदिर ट्रस्ट की धार्मिक समिति की बैठक, रामानंद दास बोले- रामानंदी परंपरा के अनुसार होंगे धार्मिक अनुष्ठान
श्रीराम मंदिर ट्रस्ट की धार्मिक समिति ने गुरुवार को मंदिर की पूजा पद्धति को लेकर बैठक की। राम मंदिर ट्रस्ट की धार्मिक समिति के सदस्य रामानंद दास जी महाराज ने कहा कि सभी धार्मिक अनुष्ठान रामानंदी परंपरा के अनुसार किए जाएंगे।

अयोध्‍या, 23 जुलाई (आईएएनएस)। श्रीराम मंदिर ट्रस्ट की धार्मिक समिति ने गुरुवार को मंदिर की पूजा पद्धति को लेकर बैठक की। राम मंदिर ट्रस्ट की धार्मिक समिति के सदस्य रामानंद दास जी महाराज ने कहा कि सभी धार्मिक अनुष्ठान रामानंदी परंपरा के अनुसार किए जाएंगे।

रामानंद दास जी महाराज ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा कि मंदिर की पूजा पद्धति यथावत चल रही है। अगर इसमें कुछ सुधार की आवश्‍यकता होगी तो सभी लोग मिलकर फैसला करेंगे। हालांकि, पूजा पद्धति में हमें किसी प्रकार का दोष नहीं मालूम पड़ रहा है।

धार्मिक समिति में पांच नए संतों को शामिल करने के सवाल पर उन्‍होंने कहा कि सभी अयोध्‍या के विशिष्ट महापुरुष हैं। ये सभी संत पहले से ही श्रीराम मंदिर आंदोलन से जुड़े हुए हैं। ऐसे महापुरुषों का सहयोग लिया जाए, इससे अच्‍छा क्‍या हो सकता है।

राम मंदिर ट्रस्ट की धार्मिक समिति के सदस्य कमल नयन दास ने कहा, "समिति की सिर्फ एक ही जिम्मेदारी है। यह मंदिर के त्योहारों, रीति-रिवाजों, चढ़ावे और पुजारियों के प्रबंधन की देखरेख करती है। इसके अलावा समिति की कोई और भूमिका नहीं है।"

राम वल्लभ कुंज के उत्तराधिकारी और राम मंदिर ट्रस्ट की धार्मिक समिति के सदस्य राजकुमार दास ने कहा, "रामानंदी वैष्णव वैदिक परंपरा के अनुसार, ठाकुरजी की पूजा से जुड़ी सभी रीतियों और प्रथाओं का पालन किया जाएगा—जिसमें सेवा, पूजा, आरती, शयन, भोग, त्योहार और समय शामिल हैं।

उन्‍होंने कहा कि हमारे वरिष्ठ संत और समिति के सम्मानित सदस्य इस बात पर विचार-विमर्श करेंगे कि श्रीराम जन्मभूमि से जुड़ी परंपराओं को ठाकुर जी की सेवा और पूजा में पूरी निष्ठा और भक्ति के साथ कैसे निभाया जा सकता है।"

इसी बीच, कमल नयन दास ने कहा, "मार्गदर्शक मंडल की बैठक छावनी में होगी। इसमें अयोध्या के सभी संत, ऋषि और आध्यात्मिक गुरु शामिल होंगे। सभी को आमंत्रित किया गया है और उनसे मौजूद रहने का अनुरोध किया गया है। हमारा ध्यान सिर्फ देश पर है। हम देश की भलाई के लिए ही सोचते और काम करते हैं।"

श्रीराम आश्रम के महंत जयराम दास कहते हैं, "श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास महाराज के आश्रम, मणिराम दास छावनी में एक अहम बैठक बुलाई गई है। बैठक में शामिल होने के लिए अयोध्या भर के संतों को आमंत्रित किया गया है। बैठक में मंदिर में चढ़ावे (दान) से जुड़े मामलों पर भी चर्चा होगी।"

राम कचहरी चार धाम मंदिर के महंत शशिकांत दास ने कहा, "राम मंदिर को लेकर कई तरह की चर्चाएं, अफवाहें और आरोप फैल रहे हैं और देश भर के लोगों में भ्रम पैदा कर रहे हैं। इसी संदर्भ में विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) ने इन अफवाहों और चिंताओं पर चर्चा करने के लिए एक सेमिनार आयोजित किया है।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   23 July 2026 5:56 PM IST

Tags

Next Story