तीन देशों की यात्रा के अंतिम पड़ाव में रोमानिया पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, द्विपक्षीय संबंधों पर होगी चर्चा

तीन देशों की यात्रा के अंतिम पड़ाव में रोमानिया पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, द्विपक्षीय संबंधों पर होगी चर्चा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गुरुवार को अपनी तीन देशों की यात्रा के आखिरी चरण में रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट पहुंचीं। यह राजकीय यात्रा पूर्वी यूरोप के साथ भारत के कूटनीतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

बुखारेस्ट, 23 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गुरुवार को अपनी तीन देशों की यात्रा के आखिरी चरण में रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट पहुंचीं। यह राजकीय यात्रा पूर्वी यूरोप के साथ भारत के कूटनीतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

राष्ट्रपति सचिवालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपनी तीन देशों की राजकीय यात्रा के आखिरी पड़ाव के तहत रोमानिया के बुखारेस्ट पहुंचीं। हवाई अड्डे पर रोमानिया की विदेश मंत्री ओआना-सिल्विया तोइउ ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।"

राष्ट्रपति मुर्मु रविवार को भारत से रवाना हुई थीं। इस यात्रा के दौरान वह मोल्दोवा, उत्तर मैसेडोनिया और रोमानिया का दौरा कर रही हैं।

रोमानिया यात्रा के दौरान राष्ट्रपति मुर्मु रोमानिया के राष्ट्रपति निकुशोर डैन और कार्यवाहक प्रधानमंत्री इलिए बोलोजान के साथ बातचीत करेंगी। वह रोमानिया की सीनेट के अध्यक्ष मिर्सेआ अब्रुडेन, प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष सोरिन ग्रिंडियानु और भारत-रोमानिया संसदीय मित्रता समूह के सदस्यों से भी मुलाकात करेंगी। इसके अलावा, राष्ट्रपति भारत-रोमानिया बिजनेस फोरम को संबोधित करेंगी और वहां रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से भी बातचीत करेंगी।

विदेश मंत्रालय (एमईए) ने पिछले सप्ताह कहा था, "रोमानिया यूरोपीय संघ का एक महत्वपूर्ण साझेदार है। भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के पूरा होने के बाद आने वाले वर्षों में दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी और मजबूत होगी। राष्ट्रपति की तीन देशों की यह यात्रा दिखाती है कि भारत इन देशों के साथ अपने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और पूरे पूर्वी यूरोपीय क्षेत्र के साथ अपने जुड़ाव को बढ़ाने को कितना महत्व देता है।"

मंगलवार को उत्तर मैसेडोनिया की संसद में अपने संबोधन के दौरान राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि भारत दक्षिण-पूर्वी यूरोप को विकास और नए विचारों के एक उभरते केंद्र के रूप में देखता है, न कि किसी हाशिए वाले क्षेत्र के रूप में।

उन्होंने कहा, "हम मानव इतिहास के एक महत्वपूर्ण दौर में मिल रहे हैं। दुनिया में राजनीतिक और आर्थिक ताकतों का संतुलन बदल रहा है। इस नए दौर में भारत दक्षिण-पूर्वी यूरोप को हाशिए का क्षेत्र नहीं, बल्कि विकास और नवाचार के एक गतिशील केंद्र के रूप में देखता है।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   23 July 2026 7:58 PM IST

Tags

Next Story