किसी से कम नहीं हमारी छोरियां - CJP: नागपुर में पुलिस वाहन के सामने लेट गई घायल छात्रा, मुंबई में वाहन रोकने वाली प्रदर्शनकारी लड़की का वीडियो वायरल

नागपुर में पुलिस वाहन के सामने लेट गई घायल छात्रा, मुंबई में वाहन रोकने वाली प्रदर्शनकारी लड़की का वीडियो वायरल
  • नागपुर में एक घायल छात्रा पुलिस वाहन के सामने लेट गई
  • शिवाजी पार्क में पुलिस की गाड़ी रोकने वाली प्रदर्शनकारी लड़की का वीडियो वायरल
  • सीजेपी बोली- हमारी छोरियां छोरों से कम नहीं
  • कांग्रेस ने सम्मान करने की घोषणा की

Nagpur News. नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर देशभर में चल रहे छात्र आंदोलन और संसद मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस द्वारा छात्रों पर किए गए कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को घोषित महाराष्ट्र बंद का असर उपराजधानी नागपुर में भी देखने को मिला। इस दौरान एक घायल छात्रा पुलिस वाहन के सामने लेट गई। बंद के समर्थन में जेनजी युवा संगठन के छात्र-छात्राएं सड़कों पर उतरे। संविधान चौक परिसर में प्रदर्शन करते हुए उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन की अनुमति नहीं होने के कारण पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सैकड़ों छात्र-छात्राओं को हिरासत में ले लिया।


यह भी पढ़े -अनुराग ठाकुर ने कहा - छात्रों के कंधों पर ओछी राजनीति करने से बाज आए विपक्ष

शिवाजी पार्क में पुलिस की गाड़ी रोकने वाली प्रदर्शनकारी लड़की का वीडियो वायरल

उधर मुंबई के शिवाजी पार्क में हुई एक घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस वैन के सामने डटकर खड़ी हुई एक लड़की का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो को लेकर अब राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। प्रदेश कांग्रेस ने इस लड़की के साहस की सराहना करते हुए घोषणा की है कि पार्टी बहुत जल्द उसका सम्मान करेगी। लड़की का नाम रिया अहीर बताया जा रहा है और वह प्रदर्शन में शामिल होने आई थी। दरअसल दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले कई दिनों से छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं और मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इसी आंदोलन के समर्थन में बुधवार को शिवाजी पार्क और दादर क्षेत्र में बड़ी संख्या में युवाओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में जेन-जी के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर पुलिस वैन में बैठाना शुरू किया। इसी दौरान एक युवती अपने साथियों को पुलिस द्वारा ले जाते देख अचानक पुलिस वाहन के सामने जाकर खड़ी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती लगातार नारे लगाती रही और पुलिस वाहन को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश करती रही। उसके समर्थन में अन्य प्रदर्शनकारी भी सड़क पर उतर आए और जोरदार नारेबाजी करने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।


कांग्रेस ने सम्मान करने की घोषणा की

वायरल वीडियो के बाद प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने भी इस लड़की के साहस की प्रशंसा की है। पार्टी की ओर से कहा गया कि शिक्षा और छात्रों के भविष्य के लिए आवाज उठाने वाली इस बेटी का जल्द पार्टी कार्यालय में सम्मान किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। इस बीच कॉक्रोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से यह वीडियो भी साझा किया। पोस्ट के साथ लिखा गया, हमारी छोरियां छोरों से कम नहीं हैं। मुंबई की यह बेटी अपने भविष्य के लिए संघर्ष कर रही है। वीडियो पोस्ट होते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

Created On :   23 July 2026 8:03 PM IST

Tags

Next Story