बड़ा नेटवर्क ध्वस्त: 5 दिन की गुप्त घेराबंदी और चलती ट्रेन में मुंबई पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक, चार राज्यों में फैला लक्ज़री कार चोरी का गिरोह

5 दिन की गुप्त घेराबंदी और चलती ट्रेन में मुंबई पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक, चार राज्यों में फैला लक्ज़री कार चोरी का गिरोह
  • 10 महीने से 4 राज्यों की पुलिस को चकमा दे रहा था शातिर आरोपी
  • चलती ट्रेन में बिछाया जाल, आरोपी हक्का-बक्का
  • अहमदाबाद से दिल्ली भाग रहा था आरोपी
  • चलती ट्रेन रोककर किया गया गिरफ्तार

Mumbai News. दिवाकर सिंह. कानून के हाथ लंबे होते हैं, लेकिन मुंबई की कफ परेड पुलिस ने यह साबित कर दिखाया कि जब पुलिस किसी अपराधी के पीछे पड़ जाए, तो उसकी हर चालाकी धरी की धरी रह जाती है। कफ परेड पुलिस स्टेशन की टीम ने एक ऐसे शातिर अंतरराज्यीय वाहन चोर को गिरफ्तार किया है, जो पिछले 10 महीनों से मुंबई समेत चार राज्यों की पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था। आरोपी जब गुजरात से दिल्ली भागने के चक्कर में ट्रेन में सवार हुआ, तो पुलिस ने रणनीति के तहत चलती ट्रेन में सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए उसे धर दबोचा।

एक वारदात और 10 महीने की तलाश

इस पूरे ऑपरेशन की शुरुआत कफ परेड इलाके से हुई। पीड़ित विपुल जयराज कापडिया (51) ने कफ परेड पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी कार चोरी हो गई है। मामला दर्ज होते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कफ परेड पुलिस स्टेशन के पीएसआई प्रशांत नेरकर को इस मामले का जांच अधिकारी नियुक्त किया गया।

5 दिनों की गुप्त घेराबंदी और हाई-टेक सर्विलांस

जांच में सबसे बड़ी अड़चन यह थी कि आरोपी बेहद शातिर था। वह पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार अपने मोबाइल नंबर और लोकेशन बदल रहा था, लेकिन जांच टीम ने हार मानने के बजाय रणनीति बदली। पीएसआई नेरकर और उनकी टीम तुरंत गुजरात रवाना हुई। पुलिस टीम ने बिना किसी को भनक लगे गुजरात में लगातार 5 दिनों तक गुप्त घेराबंदी बनाए रखी। तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त मुखबिरों से मिली सटीक जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपी की एक-एक हरकत को ट्रैक कर रही थी।

चलती ट्रेन में बिछाया जाल, आरोपी हक्का-बक्का

इसी बीच पुलिस को खबर मिली कि आरोपी विजय जयंती ठाकुर (31) अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पहुंच चुका है और दिल्ली भागने के लिए ट्रेन में सवार हो गया है। बिना समय गंवाए मुंबई पुलिस की टीम ने अहमदाबाद स्टेशन और रेलवे प्रशासन से तत्काल संपर्क साधा। ट्रेन के रवाना होते ही पुलिस ने रणनीतिक तरीके से ट्रेन को रुकवाया और सीधे उस बोगी में रेड मारी जहाँ आरोपी छिपा बैठा था। चलती ट्रेन में अचानक हुई इस सर्जिकल स्ट्राइक से आरोपी को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उसे हिरासत में ले लिया गया।

4 राज्यों का नेटवर्क ध्वस्त, कबूला जुर्म

पूछताछ करने पर आरोपी ने कबूल किया कि उसने सिर्फ मुंबई ही नहीं, बल्कि गुजरात, राजस्थान और दिल्ली में भी लग्जरी कारों की चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया है। इस एक गिरफ्तारी से पुलिस ने 4 अलग-अलग राज्यों में दर्ज कार चोरी के मामलों का पर्दाफाश कर एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस अब इस बड़े नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

Created On :   22 July 2026 8:49 PM IST

Tags

Next Story