- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- एनडीए में जाने की अटकलों के बीच शरद...
एक्स पर पोस्ट तस्वीर: एनडीए में जाने की अटकलों के बीच शरद पवार ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात, सुप्रिया सुले भी रहीं मौजूद

New Delhi News. राकांपा (शरद) प्रमुख शरद पवार ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। संसद भवन स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान पवार की बेटी और बारामती से लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले भी उपस्थित रहीं। इस मुलाकात से ठीक एक दिन पहले पवार पेपर लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन में पहुंचे थे, जहां उन्होंने सीजेपी अध्यक्ष अभिजीत दीपके से मुलाकात की थी।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर पोस्ट एक तस्वीर में प्रधानमंत्री मोदी राकांपा (शरद) प्रमुख का हाथ पकड़े नजर आ रहे हैं। पवार ने प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान उनको एक पत्र भी सौंपा। दोनों नेताओं के बीच क्या बातचीत हुई इसकी आधिकारिक जानकारी तो सामने नहीं आई है, लेकिन इसको राकांपा (शरद) के एनडीए में जाने की अटकलों से जोड़ कर देखा जा रहा है।
वहीं, परिसीमन विधेयक को लेकर सरकार राकांपा (शरद) के 8 सांसदों का समर्थन चाहती है। प्रधानमंत्री और पवार की मुलाकात को इससे भी जोड़ कर देखा जा रहा है। हालांकि, सुप्रिया सुले ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि परिसीमन विधेयक का अध्ययन करने के बाद उनकी पार्टी इस बाबत कोई फैसला लेगी। उन्होंने लोकसभा की कुल सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी की स्थिति में विधेयक का समर्थन करने का संकेत दिया है।
Created On :   22 July 2026 5:58 PM IST











