Maharashtra News: केतन अग्रवाल केस में बड़ा खुलासा! स्नैपचैट चैट से मर्डर मिस्ट्री ने लिया नया मोड़

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। पुलिस इस केस की हर छोटी-बड़ी बात की जांच कर रही है। अब जांच के दौरान एक नया सुराग सामने आया है। पुलिस को एक कथित स्नैपचैट चैट मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह चैट 25 मई की बताई जा रही है। जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस बातचीत का संबंध पूरी घटना से है। हालांकि, पुलिस ने साफ कहा है कि किसी भी डिजिटल चैट को सही सबूत मानने से पहले उसकी फोरेंसिक जांच जरूरी होगी।
कथित चैट से जांच को मिला नया सुराग
पुलिस के मुताबिक, सामने आई कथित स्नैपचैट चैट में सिया गोयल अपनी एक दोस्त से आधार कार्ड की फोटो मांगती दिखाई दे रही है। उसने लिखा कि शादी के टिकट के लिए आधार कार्ड भेज दो। जांच अधिकारी अब यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि इस बातचीत का असली मतलब क्या था और इसका इस मामले से कोई संबंध है या नहीं?
क्या शादी की तैयारी सिर्फ दिखावा थी?
जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कहीं फ्लाइट टिकट और शादी की बात सिर्फ लोगों को भरोसा दिलाने के लिए तो नहीं की गई थी। पुलिस इस पहलू पर भी काम कर रही है कि अगर ऐसा हुआ तो इसका मकसद क्या था? फिलहाल इस बारे में कोई अंतिम नतीजा सामने नहीं आया है और जांच जारी है।
परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
केतन अग्रवाल के पिता ने पुलिस में दर्ज शिकायत में सिया गोयल और चेतन पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दोनों ने मिलकर केतन को पहाड़ी से नीचे धक्का दिया। परिवार का यह भी दावा है कि जिस जगह घटना हुई वहां अपने आप गिरने की संभावना बहुत कम थी। साथ ही परिवार ने सिया और चेतन के बीच करीबी रिश्ते का भी आरोप लगाया है। पुलिस इन सभी आरोपों की जांच कर रही है।
Created On :   4 July 2026 3:18 PM IST












