Bihar CEC Protest: CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सड़क पर उतरेगा महागठबंधन, तेजस्वी यादव ने बताया पूरा प्लान

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सड़क पर उतरेगा महागठबंधन, तेजस्वी यादव ने बताया पूरा प्लान
भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन हो रहे हैं। इस बीच बिहार के विपक्षी दलों ने ऐलान किया है कि लोकभवन मार्च की तैयारी की गई है।

डिजिटल डेस्क, पटना। भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन हो रहे हैं। इस बीच बिहार के विपक्षी दलों ने ऐलान किया है कि लोकभवन मार्च की तैयारी की गई है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोमवार (5 अक्टूबर) को प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि महागठबंधन की सभी पार्टियां CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मार्च निकालेंगी। इसका आयोजन 8 अक्टूबर को पटना में होगा।

'बिहार में हुई थी धांधली'

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव का कहना है कि सबसे पहले SIR की प्रक्रिया बिहार से ही शुरू हुई थी। इस दौरान जिस प्रकार धांधली देखने को मिली, उसे लेकर हम लोग कई बार कह चुके हैं कि निर्वाचन आयोग ईमानदारी से अपना काम नहीं कर रहा है। साथ ही बताया कि उन्होंने लगातार सवाल उठाए थे कि वोट की चोरी भी हुई है, जो अब सबके सामने आ गया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इशारों पर ज्ञानेश कुमार काम कर रहे हैं।

CEC पर कार्रवाई को लेकर दी प्रतिक्रिया

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि ज्ञानेश कुमार अगर पद से हट भी जाते हैं, तो इसके बाद भी उन पर कार्रवाई नहीं हो सकती है। उन्होंने बताया कि CEC के सिलेक्शन में चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया भी शामिल होते थे। साथ ही कहा कि 10 महीनों में दो इलेक्शन कमिश्नरों ने 14 आपत्तियां दर्ज कराई थीं। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार हो या फिर बंगाल के चुनाव, इस दौरान जबरदस्त धांधली हुई है।

इसके अलावा उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में महिलाओं के अकाउंट में 10-10 हजार रुपये भेज दिए गए थे। इस दौरान भी चुनाव आयोग चुप क्यों था? साथ ही बताया कि बिहार लोकतंत्र की जननी है और यहीं से भाजपा के लोगों ने इसे खत्म करने की शुरुआत कर दी है। जिसे बचाने के लिए हर कीमत चुकाने के लिए तैयार हैं।

7 तारीख को आक्रोश मार्च

तेजस्वी यादव ने बताया, "हम लोगों ने तय किया है कि हम लोग एक साथ सड़क पर उतरेंगे। 7 तारीख को सभी इंडिया गठबंधन के लोग हर प्रखंड में ज्ञानेश कुमार, नरेंद्र मोदी और अमित शाह के खिलाफ आक्रोश मार्च निकालेंगे। 8 तारीख को सभी जिला मुख्यालयों पर महागठबंधन के साथी धरना-प्रदर्शन करेंगे। पटना में सारे वरिष्ठ नेता सड़क पर होंगे। लोकभवन मार्च करेंगे। 8 अक्टूबर को विधानसभा के समक्ष सप्तमूर्ति के पास से यह मार्च शुरू होगा।"

Created On :   5 Oct 2026 5:16 PM IST

Tags

Next Story