उत्तर प्रदेश न्यूज: चुनाव से पहले आकाश आनंद की BSP में वापसी, मायावती ने फिर सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

चुनाव से पहले आकाश आनंद की BSP में वापसी, मायावती ने फिर सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी उठापटक जारी है। इसी क्रम में बहुजन समाज पार्टी ने बड़ा फैसला लेते हुए आकाश आनंद की पार्टी में वापसी का ऐलान किया है।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी उठापटक जारी है। इसी क्रम में बहुजन समाज पार्टी ने बड़ा फैसला लेते हुए आकाश आनंद की पार्टी में वापसी का ऐलान किया है। बीएसपी प्रमुख ने पार्टी के हितों का हवाला देते हुए बताया कि आकाश आनंद को एक बार फिर बीएसपी के राष्ट्रीय संयोजक पद पर नियुक्त किया जाता है।

अंबेडकर और कांशीराम के संघर्षों से प्रेरणा

बीएसपी प्रमुख ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस संबंध में एक पोस्ट साझा किया है, जिसमें उन्होंने बताया कि बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और कांशीराम ने कड़े संघर्ष किए हैं। पार्टी हमेशा उनके प्रयासों से प्रेरणा ले रही है। साथ ही बताया कि बीएसपी ने उनके कदमों पर चलकर राजनीति में बड़ी-बड़ी सफलताएं हासिल की हैं। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।

मायावती ने आगे बताया कि पूरा 'बहुजन समाज' ही उनका बड़ा परिवार है और जनता के हित उनके लिए सबसे आगे हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी में अनुशासन बनाए रखने के लिए अतीत में कई बड़े-बड़े निर्णय लिए गए हैं। इनकी वजह से उनके परिवार के लोग भी अछूते नहीं रहे हैं।

आकाश आनंद को लेकर मायावती ने क्या कहा?

मायावती ने आकाश आनंद को लेकर कहा कि उनका व्यक्तित्व पार्टी में अमूमन ठीक रहा है, लेकिन पिछले कुछ दिनों में ऐसी परिस्थितियां बन गई थीं कि संगठन में बदलाव करने पड़े। इनके चलते आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ को राजनीति से भी संन्यास लेना पड़ा था। इसके बाद से आकाश आनंद के काम करने के तरीकों में काफी बदलाव देखने को मिला।

BSP के लोगों की ये मांग

बीएसपी प्रमुख का कहना है कि पार्टी के ज्यादातर लोगों ने यह मांग की थी कि आकाश आनंद को स्वीकार करना चाहिए और उन्हें पुरानी जिम्मेदारियों के साथ फिर से मौका देना चाहिए। इस मामले में उनके पिता और छोटे भाई ईशान आनंद ने भी सहमति दर्ज कराई थी। उन्होंने आगे बताया कि ईशान आनंद ने अपनी ईमानदारी दिखाते हुए यह तक कह दिया था कि वह बिना किसी पद के भी मायावती के निर्देशों के मुताबिक पार्टी में काम करने के लिए तैयार हैं। हालांकि, मायावती ने चेतावनी देते हुए कहा कि यह खुद आकाश आनंद के बर्ताव पर निर्भर करेगा।

Created On :   5 Oct 2026 6:50 PM IST

Tags

Next Story