Pune City News: फर्जी ई-मेल और बिल बनाकर कंपनी से 2.45 करोड़ की ठगी

फर्जी ई-मेल और बिल बनाकर कंपनी से 2.45 करोड़ की ठगी
  • कर्मचारी पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज
  • सीईओ के नाम से नकली ई-मेल भेजकर खाते में ट्रांसफर कराई रकम

भास्कर न्यूज, पुणे। पुणे में कर्मचारी द्वारा अपनी ही कंपनी से 2 करोड़ 45 लाख 36 हजार 584 रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी ने फर्जी ई-मेल, नकली बिल और वाउचर तैयार कर कंपनी को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाया। मामले में बाणेर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, बालेवाड़ी निवासी योगेश सुरेश दीपांकर की शिकायत पर मुंढवा निवासी कौस्तुभ शिवकुमार विभुते के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह घटना 11 जून 2024 से 3 फरवरी 2026 के बीच हुई। शिकायत के बाद 20 जुलाई को बाणेर पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी ने खर्च की फर्जी प्रविष्टियां, नकली वाउचर और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड तैयार किए। उसने कंपनी की ईआरपी प्रणाली और बैंक खातों की जानकारी में भी हेरफेर किया।

आरोपी ने असली विक्रेताओं के नाम और बिल नंबर तो वही रखे, लेकिन बैंक खाता, आईएफएससी कोड और भुगतान की जानकारी बदल दी। इसके बाद भुगतान की रकम विक्रेताओं के बजाय अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करा ली।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कंपनी के सीईओ के नाम से फर्जी ई-मेल भी तैयार किए। इन्हें अधिकृत निर्देश बताकर संबंधित विभाग से भुगतान करवाया गया। बिना स्वतंत्र जांच के रकम जारी होने से कंपनी को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ। बाणेर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

Created On :   22 July 2026 6:05 PM IST

Tags

Next Story