- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- कॉकरोच पार्टी के समर्थन में...
सीजेपी का प्रदर्शन: कॉकरोच पार्टी के समर्थन में जंतर-मंतर पहुंचे मनोज जरांगे, दिल्ली के 16 मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद

New Delhi News. कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन को महाराष्ट्र के विपक्षी दलों के साथ-साथ राज्य में मराठा आंदोलन के नेता मनोज जरांगे का भी समर्थन मिल गया है। पेपर लीक मामले को लेकर चल रहे प्रदर्शन को समर्थन देने के लिए जरांगे बुधवार को जंतर-मंतर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्रों के इस संघर्ष में वह साथ हैं। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग का भी समर्थन किया। जरांगे ने सीजेपी अध्यक्ष अभिजीत दीपके से भी मुलाकात की। दीपके ने सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर पोस्ट कर जरांगे का आभार जताया। दीपके ने कहा कि मराठा आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटिल छात्रों पर दिल्ली पुलिस की बेरहम कार्रवाई के बाद हमारे साथ मजबूती से खड़े हैं। इससे पहले, मंगलवार देर रात शिवसेना (उद्धव) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भी जंतर-मंतर जाकर सीजेपी के प्रदर्शन का समर्थन किया। राकांपा (शरद) प्रमुख शरद पवार ने भी छात्रों के साथ एकजुटता दिखाते हुए अभिजीत दीपके से मुलाकात की।
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) प्रदर्शन, दिल्ली के 16 मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद
उधर राष्ट्रीय राजधानी में चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) प्रदर्शन की वजह से दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने 16 स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद कर दिया है। डीएमआरसी ने बीते 20 जुलाई को हुए हंगामे को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा कारणों से यह फैसला लिया है। इसमें क्नॉट प्लेस स्थित राजीव चौक, बाराखम्बा, मंडी हाउस, जनपथ, केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन शामिल हैं।हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय जैसे प्रमुख मेट्रो स्टेशनों में ट्रेन बदलने की सुविधा जारी रहेगी, लेकिन यात्री इन स्टेशनों से प्रवेश और निकास नहीं कर सकेंगे। डीएमआरसी ने संसद भवन और उसके आसपास के संवेदनशील इलाकों में किसी तरह के हंगामे की आशंका को टालने की दृष्टि से यह कदम उठाया है। बीते सोमवार और मंगलवार की रात हुए भारी हंगामे को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
बंद रहने वाले स्टेशनों के नाम
डीएमआरसी ने जिन मेट्रो स्टेशनों को बंद किया है, उसमें राजीव चौक, बाराखंबा रोड, मंडी हाउस, इंद्रप्रस्थ, सुप्रीम कोर्ट, आईटीओ, दिल्ली गेट, केंद्रीय सचिवालय, लोक कल्याण मार्ग, पटेल चौक, रामाकृष्ण आश्रम, सेवा तीर्थ, जनपथ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन शामिल हैं।
Created On :   22 July 2026 7:54 PM IST










