कस्टम्स का बड़ा एक्शन: 21 दिन में 28 करोड़ की तस्करी नाकाम, 9.24 किलो सोना, 38.6 किलो हाईड्रोपोनिक गांजा जब्त - 19 गिरफ्तार

21 दिन में 28 करोड़ की तस्करी नाकाम, 9.24 किलो सोना, 38.6 किलो हाईड्रोपोनिक गांजा जब्त - 19 गिरफ्तार
  • 21 दिन में 28 करोड़ की तस्करी नाकाम
  • मुंबई कस्टम्स का बड़ा एक्शन

Mumbai News. मुंबई कस्टम्स ने तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए जुलाई के पहले 21 दिनों में 28 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोने, मादक पदार्थों, विदेशी मुद्रा, वन्यजीवों और अन्य प्रतिबंधित सामान की तस्करी को नाकाम कर दिया। 1 से 21 जुलाई 2026 के बीच की गई कार्रवाई में कुल 19 तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कई बड़े अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क की गतिविधियों पर भी प्रभावी अंकुश लगाया गया। कस्टम्स अधिकारियों के अनुसार, इस अवधि में 24 मामलों में 9.24 किलोग्राम सोना जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 11.40 करोड़ रुपये है। वहीं, नौ मामलों में 38.6 किलोग्राम हाईड्रोपोनिक गांजा (वीड) बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 13.51 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा तीन मामलों में 1.32 लाख सऊदी रियाल और 75,300 अमेरिकी डॉलर सहित कुल 1.04 करोड़ रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा भी जब्त की गई।

कार्रवाई के दौरान 6 किलोग्राम चांदी के आभूषण, जिनकी कीमत करीब 16.50 लाख रुपये है, भी बरामद किए गए। वन्यजीव तस्करी के एक मामले में दो जीवित ब्लैक लीमर को सुरक्षित बचाकर वन्यजीव संरक्षण एजेंसियों के सुपुर्द किया गया। इसके अलावा आठ मामलों में एप्पल आईफोन, महंगी घड़ियां, सैमसंग मोबाइल फोन, ड्रोन, प्लेस्टेशन कंसोल, फार्मास्युटिकल इंजेक्शन, सिगरेट, ई-सिगरेट, केसर, रिफर्बिश्ड लैपटॉप और अन्य प्रतिबंधित व्यावसायिक सामान सहित 2.18 करोड़ रुपये मूल्य का माल जब्त किया गया। मुंबई कस्टम्स ने कहा कि सीमा शुल्क कानूनों के उल्लंघन और तस्करी के खिलाफ उसकी मुहिम आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगी।

Created On :   23 July 2026 9:11 PM IST

Tags

Next Story