आरवीएसएफ: मुंबई में पीपीपी मॉडल पर बनेगा अत्याधुनिक वाहन स्क्रैपिंग केंद्र, पालक मंत्री शेलार ने दिए निर्देश

मुंबई में पीपीपी मॉडल पर बनेगा अत्याधुनिक वाहन स्क्रैपिंग केंद्र, पालक मंत्री शेलार ने दिए निर्देश
  • पुराने और कबाड़ के वाहनों का किया जा सकेगा निस्तारण
  • पीपीपी मॉडल पर बनेगा अत्याधुनिक वाहन स्क्रैपिंग केंद्र
  • मुंबई में 53 लाख वाहन

Mumbai News. प्रदेश के कैबिनेट मंत्री तथा मुंबई उपनगर के पालक मंत्री आशीष शेलार ने मुंबई महानगर प्रदेश (एमएमआर) में अत्याधुनिक रजिस्टर्ड व्हीकल स्क्रैपिंग फैसिलिटी (आरवीएसएफ) केंद्र तत्काल बनाने के लिए कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। मुंबई मनपा अथवा सरकार की उपलब्ध लगभग पांच एकड़ जगह पर सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर स्क्रैपिंग केंद्र बनाया जाएगा। गुरुवार को राज्य अतिथिगृह सह्याद्री में शेलार की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें राज्य के मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल, मुंबई मनपा आयुक्त अश्विनी भिडे, मुंबई शहर की जिलाधिकारी आंचल गोयल, मुंबई उपनगर के जिलाधिकारी सौरभ कटियार के अलावा परिवहन विभाग, क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय और मुंबई ट्रैफिक पुलिस विभाग के अफसर मौजूद थे। शेलार ने कहा कि स्क्रैपिंग केंद्र स्थापित करने के लिए इच्छुक उद्यमियों से रुचि की अभिव्यक्ति (ईओआई) मंगाई जाए। मुंबई मनपा की ओर से टेंडर प्रक्रिया पूरी करें। इसके लिए परिवहन विभाग, ट्रैफिक पुलिस और संबंधित विभाग समन्वय के साथ काम करें। शेलार ने कहा कि अधिकृत स्क्रैपिंग केंद्र बनाकर कबाड़ के वाहनों का वैज्ञानिक पद्धति से निस्तारण करना आवश्यक है।

मुंबई में 53 लाख वाहन

मुंबई में लगभग 53 लाख वाहन है। जिसमें लगभग 15 लाख चार पहिया वाहन, 30 लाख दोपहिया वाहन और 5 से 6 लाख व्यावसायिक हैं। देश की सर्वाधिक वाहन घनता मुंबई में है। इससे ट्रैफिक जाम और पार्किंग की समस्या बढ़ रही है। राज्य में पालघर, भिवंडी, जालना, तलोजा, धाराशिव, खालापुर समेत कई जगहों पर वाहन स्क्रैपिंग सुविधा है। लेकिन मुंबई परिसर में अधिकृत केंद्र उपलब्ध नहीं होने के कारण नागरिकों का स्क्रैपिंग को लेकर प्रतिसाद अत्यल्प है।

क्या है स्क्रैपिंग नीति

राष्ट्रीय वाहन स्क्रैपिंग नीति के अनुसार 20 साल से अधिक पुराने निजी वाहन और 15 साल से ज्यादा पुराने व्यावसायिक वाहन फिटनेस जांच में अपात्र होने पर स्क्रैप के लिए पात्र होते हैं। ऐसे वाहनों के लिए टैक्स में छूट, पंजीयन शुल्क में छूट, वाहनों की कीमत का 4 से 6 प्रतिशत तक स्क्रैप मूल्य दिया जाता है।

Created On :   23 July 2026 9:31 PM IST

Tags

Next Story