पश्चिम बंगाल में फिल्मों की शूटिंग करने वाले निर्माताओं को मिलेगी 30 फीसदी की छूट, मिथुन चक्रवर्ती की घोषणा

पश्चिम बंगाल में फिल्मों की शूटिंग करने वाले निर्माताओं को मिलेगी 30 फीसदी की छूट, मिथुन चक्रवर्ती की घोषणा
पश्चिम बंगाल सरकार ने अभिनेता और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती को सांस्कृतिक सलाहकार की नई जिम्मेदारी दी है। यह जिम्मेदारी मिलने के बाद मिथुन ने राज्य में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के लिए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि बंगाल में फिल्मों की शूटिंग करने वाले निर्माताओं को 30 फीसदी सब्सिडी दी जाएगी।

मुंबई, 4 सितंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार ने अभिनेता और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती को सांस्कृतिक सलाहकार की नई जिम्मेदारी दी है। यह जिम्मेदारी मिलने के बाद मिथुन ने राज्य में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के लिए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि बंगाल में फिल्मों की शूटिंग करने वाले निर्माताओं को 30 फीसदी सब्सिडी दी जाएगी।

एक दिन पहले बंगाली सिनेमा के दिग्गज अभिनेता उत्तम कुमार की जन्म शताब्दी के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मिथुन ने फिल्म शूटिंग पर सब्सिडी देने की बात कही थी। उन्होंने बताया था कि उन्होंने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से इस संबंध में खास अनुरोध किया था और मुख्यमंत्री ने उनकी मांग को मंजूरी दे दी थी। अब अपनी नई जिम्मेदारी के ऐलान के बाद मिथुन ने इस फैसले की जानकारी मीडिया से साझा की।

मिथुन चक्रवर्ती ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, ''बंगाल ने जो कुछ खोया है, उसे वापस लाने की कोशिश करेंगे। सरकार 30 फीसदी सब्सिडी दे रही है, ताकि पूरे देश से लोगों को बंगाल लाया जा सके और वे यहां आकर फिल्मों की शूटिंग करें। इससे बंगाल को एक बार फिर फिल्म निर्माण के बड़े केंद्र के तौर पर पहचान दिलाने में मदद मिलेगी।''

इस दौरान जब मिथुन से पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की उस चेतावनी के बारे में पूछा गया, जिसमें उन्होंने भाजपा नेताओं के दिल्ली स्थित घरों के बाहर प्रदर्शन करने की बात कही थी तो अभिनेता ने कहा, ''ममता बनर्जी जो कुछ कह रही हैं, क्या वह उन्हें शोभा देता है। जिन परिस्थितियों की बात की जा रही है, उन्हें हमने और हमारे जैसे लोगों ने भी झेला है। मैं ज्यादा बोलकर किसी का अपमान नहीं करना चाहता, लेकिन ममता बनर्जी की ओर से इस तरह की बातें अच्छी नहीं लगतीं।''

यह बयान उस विवाद के बीच आया है, जिसमें तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी के पार्टी कार्यालय पर कथित हमले के बाद ममता बनर्जी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए थे। पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा पर गुंडे भेजने का आरोप लगाते हुए कहा था कि अगर ये ज्यादतियां नहीं रुकी तो वह खुद नई दिल्ली जाएंगी और वहां भाजपा नेताओं के घरों के बाहर विरोध प्रदर्शन करेंगी। उन्होंने यह बात फेसबुक लाइव के दौरान कही थी।

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को ही मिथुन चक्रवर्ती को सांस्कृतिक सलाहकार बनाए जाने की घोषणा की। यह घोषणा कोलकाता के उत्तरी बाहरी इलाके न्यू टाउन में 'उत्तम कुमार फिल्म सेंटर' के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान की गई। इस फिल्म सेंटर को 25 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया जाएगा। इसके लिए राज्य के सूचना एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग ने पहले ही राशि मंजूर कर दी है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म सेंटर का डिजाइन तैयार करने की जिम्मेदारी बंगाली सिनेमा से जुड़े विशेषज्ञों को दी जाएगी। इस काम में राज्य सरकार किसी भी तरह का हस्तक्षेप नहीं करेगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 Sept 2026 5:48 PM IST

Tags

Next Story