मध्य प्रदेश शहडोल सड़क हादसे में एक शख्स की मौत, दो घायल
शहडोल, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए।
यह हादसा खैरहा थाना क्षेत्र के हरदी मुख्य मार्ग पर हुआ। मृतक की पहचान 52 साल के रामरसीले सिंह के रूप में हुई है, जो धमनी कला गांव का रहने वाला था।
पुलिस के अनुसार, रामरसीले सिंह रविवार दोपहर अपने दो साथियों के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान मुख्य सड़क पर सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामरसीले सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दोनों साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों की मदद की। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद खैरहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक और कार को कब्जे में ले लिया है। कार चालक के खिलाफ लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है। उसे हिरासत में ले लिया गया है।
मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
वहीं, एक अलग घटना में बैतूल-आठनेर मार्ग पर पुल के नीचे एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में मिला।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में लग रहा है कि किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मारी होगी। उसके पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला, इसलिए उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी। पुलिस ने उसे बैतूल जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 April 2026 10:02 PM IST












