मातृशक्ति सशक्त होगी तो दिल्ली सशक्त होगी दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
नई दिल्ली, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को महिला सशक्तिकरण को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का मिशन नारी सशक्तिकरण योजनाओं से आगे बढ़कर सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता से जुड़ा संकल्प है। मातृशक्ति सशक्त होगी तो दिल्ली सशक्त होगी।
सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली सरकार की तरफ से महिला सशक्तिकरण की दिशा में उठाए गए कदमों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि 7,406 करोड़ रुपए का बजट महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए आवंटित है। होली और दीपावली पर निःशुल्क गैस सिलेंडर योजना गृहिणियों के लिए राहत का माध्यम है। लखपति बिटिया योजना बेटियों के भविष्य को सुरक्षित और सशक्त बनाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरी पूंजी मेरा अधिकार से 70 हजार+ बेटियों को 190 करोड़ रुपए से अधिक लंबित राशि का भुगतान हुआ है। अब तक 5 लाख+ महिलाएं सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड से जुड़ चुकी हैं। 1.3 लाख बेटियों को निःशुल्क साइकिल मिल चुकी है।
उन्होंने कहा कि सीसीटीवी, रानी हाट, ग्रीन ई-ऑटो और सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीनों जैसी पहलें महिलाओं की सुरक्षा, सुविधा और गरिमा को मजबूत कर रही हैं। और… यह तो अभी शुरुआत है। नारी शक्ति के सम्मान और समृद्धि के लिए दिल्ली में अभी कई बड़े कदम आने बाकी हैं।
इससे पहले सीएम रेखा गुप्ता ने मां वैष्णो देवी के दर्शन किए। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि मां की आराधना करते हुए मैंने प्रार्थना की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तरक्की करे, आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि देश खुशहाल रहे, समृद्ध रहे, मां से मैंने यही प्रार्थना की।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा कि जम्मू एयरपोर्ट और कटरा में भारतीय जनता पार्टी परिवार, विशेषकर महिला मोर्चा की बहनों ने जो आत्मीय स्वागत किया, उससे मन भावविभोर हो गया। आप सभी के स्नेह, अपनत्व और आशीर्वाद के लिए हृदय से आभार व्यक्त करती हूं।
उन्होंने लिखा कि मां वैष्णो देवी का पावन धाम अनंत आस्था, शक्ति और भक्ति का केंद्र है। आज मां के दरबार में दिव्य दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होगा। त्रिकुटा पर्वत पर विराजमान मां जगदंबा अपने भक्तों पर सदा कृपा बरसाती हैं। मां से प्रार्थना है कि आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और आनंद बना रहे। जय माता दी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 April 2026 10:29 PM IST












