मुंबई कांदिवली में नकली गहने बनाने वाली यूनिट से 13 बाल मजदूरों को बचाया गया, जांच में जुटी पुलिस
मुंबई, 20 अगस्त (आईएएनएस)। मुंबई के कांदिवली में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नकली गहने बनाने वाली यूनिट से 13 बाल श्रमिकों को बचाया गया है। मुंबई पुलिस की ओर से गुरुवार को बताया गया कि बाल श्रम के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई में कांदिवली वेस्ट में नकली गहने बनाने वाली एक यूनिट पर छापेमारी कर 13 नाबालिगों को बचाया गया।
बचाए गए बच्चों की उम्र 13 से 17 साल के बीच बताई जा रही है। मुंबई पुलिस की ओर से चारकोप इंडस्ट्रियल एस्टेट में मौजूद ‘जहारा फैशन एरा’ नाम की यूनिट में अभियान चलाया गया। शुरुआती जांच के मुताबिक, नकली गहने और चूड़ियां बनाने के लिए यहां नाबालिगों को काम पर रखा गया था।
पुलिस के अनुसार, बच्चों से कथित तौर पर दिन में नौ से 10 घंटे काम करवाया जाता था और उन्हें सही मजदूरी नहीं दी जाती थी। सभी 13 बच्चे पश्चिम बंगाल के अलग-अलग जिलों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस को एक और चौंकाने वाली बात पता चली कि बच्चे काम करने की जगह पर ही रह रहे थे। यूनिट के मालिक और ऑपरेटर बच्चों की उम्र साबित करने वाले सही दस्तावेज नहीं दिखा पाए।
पुलिस ने यूनिट के मालिक अंकित कुमार महेंद्र रावल और ऑपरेटर समीनुर मोतियार रहमान शेख को हिरासत में ले लिया है। दोनों के खिलाफ बाल एवं किशोर श्रम (निषेध और विनियमन) अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। बचाए गए नाबालिगों को आगे की देखभाल और जरूरी कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को सौंप दिया गया।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बच्चों को पश्चिम बंगाल से मुंबई कौन लाया था और क्या इस रैकेट के पीछे बाल श्रम से जुड़ा कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 Aug 2026 1:17 PM IST












