नंदीग्राम उपचुनाव भाजपा उम्मीदवार के हलफनामे को चुनौती देने वाली याचिका पर कलकत्ता हाई कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा
कोलकाता, 25 सितंबर (आईएएनएस)। कलकत्ता हाई कोर्ट ने नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार हासिरानी राठ के चुनावी हलफनामे को चुनौती देने वाली याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई पूरी करने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया।
पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता और कांग्रेस नेता ऋत्जु घोषाल ने न्यायमूर्ति कृष्णा राव की एकल पीठ में यह याचिका दायर की थी। याचिका में भाजपा उम्मीदवार के हलफनामे में उनकी उम्र और शैक्षणिक योग्यता से जुड़ी जानकारी में कथित विसंगतियों का आरोप लगाया गया है।
कांग्रेस की ओर से दलील दी गई कि हलफनामे में दी गई जानकारी आपस में विरोधाभासी है और इससे भाजपा उम्मीदवार द्वारा दी गई सूचनाओं की प्रामाणिकता पर सवाल उठते हैं।
सुनवाई के दौरान ऋत्जु घोषाल ने कहा कि हलफनामे में हासिरानी राठ ने अपनी उम्र 60 वर्ष से अधिक बताई है, लेकिन साथ ही यह भी दावा किया है कि उन्होंने 1965 में माध्यमिक परीक्षा पास की थी। उन्होंने अदालत में सवाल उठाया कि यदि हलफनामे के अनुसार उनका जन्म 1966 में हुआ, तो वह जन्म से पहले 1965 में माध्यमिक परीक्षा कैसे पास कर सकती हैं।
कांग्रेस ने इसे "व्यावहारिक रूप से असंभव" बताते हुए भाजपा उम्मीदवार का नामांकन रद्द करने की मांग की। साथ ही आरोप लगाया कि भारतीय निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने हलफनामे की जांच के बावजूद इस पर कोई कार्रवाई नहीं की।
सुनवाई के दौरान निर्वाचन आयोग की ओर से पेश वकील ने दलील दी कि नामांकन पत्र दाखिल होने के बाद जांच के दौरान रिटर्निंग ऑफिसर हलफनामे की जानकारी की पड़ताल करता है। यदि उस समय कोई आपत्ति दर्ज कराई जाती, तो उस पर विचार किया जा सकता था, लेकिन जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस मुद्दे को उठाने का अधिकार नहीं बचता।
ईसीआई के वकील ने कहा कि इस तरह का सवाल जनहित याचिका (पीआईएल) के जरिए उठाया जा सकता था, लेकिन नामांकन या जांच के समय कोई आपत्ति नहीं की गई, इसलिए अब कार्रवाई नहीं की जा सकती।
भाजपा उम्मीदवार की ओर से भी यही दलील दी गई कि कथित गलती जानबूझकर नहीं हुई है और उम्मीदवार को अपना पक्ष रखने का अवसर मिलना चाहिए। सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायमूर्ति कृष्णा राव ने फैसला सुरक्षित रख लिया।
नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान 6 अक्टूबर को होगा, जबकि मतगणना 9 अक्टूबर को की जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 Sept 2026 5:59 PM IST












