अर्धकुंभ को भव्य बनाने की तैयारी, सीएम धामी के निजी सचिव ने तैयारियों का लिया जायजा
हरिद्वार, 25 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निजी सचिव दिनेश अग्रवाल ने शुक्रवार को अर्धकुंभ की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे। तैयारियों का जायजा लेने के बाद आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कहा कि सरकार अर्धकुंभ को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
दिनेश अग्रवाल ने कहा कि अर्धकुंभ को लेकर सरकार की तैयारियां पूरी तरह चल रही हैं और इसे भव्य रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार की प्राथमिकता बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना है। सरकार विकास से जुड़े बुनियादी क्षेत्रों पर भी विशेष ध्यान दे रही है। इनमें शिक्षा और स्वास्थ्य को उन्होंने लोगों की मूलभूत जरूरत बताया। इन क्षेत्रों में सुधार होने से राज्य में पलायन रोकने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएं, ताकि युवाओं को रोजगार के लिए बाहर जाने की जरूरत न पड़े। स्थानीय युवाओं का पलायन रुकेगा तो स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने होम स्टे के क्षेत्र में किए जा रहे काम का उल्लेख किया और चारधाम में बेहतर व्यवस्थाओं के कारण पर्यटकों की संख्या बढ़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि जब पर्यटक चारधाम क्षेत्र में पहुंचते हैं तो इससे आसपास की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है और स्थानीय लोगों के लिए यह आय का स्रोत बनता है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि केवल विरोध-प्रदर्शन करने से चुनाव में कुछ हासिल नहीं होता। भाजपा चुनाव को गंभीरता से लेती है और उसके कार्यकर्ता पार्टी के लिए जमीनी स्तर पर काम करते हैं। विपक्ष के प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा कि धरना-प्रदर्शन विपक्ष की भूमिका का हिस्सा है, लेकिन उसमें आम जनता की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है। केवल कुछ नेताओं के साथ प्रदर्शन करने से जनता का जुड़ाव साबित नहीं होता। जब तक कोई राजनीतिक दल आम जनता से जुड़ाव नहीं बनाएगा, तब तक जनसमर्थन हासिल करना मुश्किल होगा।
दिनेश अग्रवाल ने विपक्ष को लेकर दावा किया कि वहां नेतृत्व को लेकर आपसी होड़ दिखाई देती है और विपक्ष बिखरा हुआ है। इसके विपरीत उन्होंने कहा कि भाजपा में संगठनात्मक स्तर पर लिए गए फैसलों को स्वीकार किया जाता है और कार्यकर्ता उन्हें लागू करने के लिए काम करते हैं। उन्होंने चुनावी सर्वे को लेकर कहा कि अलग-अलग सर्वे में अलग-अलग आंकड़े सामने आ सकते हैं और लोगों को अपनी राय रखने का अधिकार है। जमीनी स्तर पर भाजपा का संगठन और कार्यकर्ता लगातार सक्रिय हैं और आने वाले समय में मौजूदा स्थिति से बेहतर स्थिति बनने की उन्हें उम्मीद है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 Sept 2026 5:59 PM IST












