रीवा न्यूज: एक हफ्ते पूर्व मिट्टी-गिट्टी डालकर पाटे गए थे गड्ढे, अब बारिश में सड़क कीचड़ में तब्दील

एक हफ्ते पूर्व मिट्टी-गिट्टी डालकर पाटे गए थे गड्ढे, अब बारिश में सड़क कीचड़ में तब्दील
मार्ग के सुधार कार्य में की जा रही हीलाहवाली लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है

डिजिटल डेस्क रीवा।शहर के अंदर की खस्ताहाल सड़कें प्रशासन के सुधार कार्यों की स्वयंं पोल खोल रही हैं। पिछले करीब एक हफ्ते पूर्व शहर के अति व्यस्ततम मार्ग प्रकाश चौराहा, जानकी पार्क के गड्ढों को मिट्टी और गिट्टी से पाटा गया था। अब स्थिति यह है कि इन दिनों बारिश के दौरान गड्ढों की मिट्टी और महीन गिट्टी पानी में बह गई। ऐसे में पूरा मार्ग कीचड़ में तब्दील हो गया। अब लोगों के लिए पैदल चलना भी खतरे से खाली नहीं है। बताया गया है कि शासन द्वारा जिस तरह से सड़क के गड्ढों का सुधार कार्य कराया जा रहा है उससे और भी समस्या गंभीर हो रही है। बरसात के मौसम में ऐसे सुधार कार्य चार दिन भी नहीं चल पाते और सुधारे गए गड्ढे पुन: पुरानी स्थिति में आ जाते हैं। सुधार कार्य का कोई मतलब नहीं रहता।

सुधार कार्यों में महज औपचारिकता

सड़कों के सुधार कार्य में महज औपचारिकता निभाई जाती है। लोगों का कहना है कि एक तो शहर के अंदर जगह-जगह जो गड्ढे बन गए हैं वह सड़क निर्माण में गुणवत्ता का अभाव है। इसके बाद अब जब गड्ढों को सुधारने की स्थिति आती है तो उसमें महज औपचारिकता निभाई जाती है। यही हाल जानकी पार्क मार्ग का है। कुछ दिनों पूर्व गड्ढों को सुधारने का कार्य कराया गया लेकिन बरसात के पानी ने मिट्टी और गिट्टी को बढ़ा दिया। अब सड़क में पुन: गड्ढे हो गए।

हजारों लोगों का होता है आवागमन

यह एक ऐसा मार्ग है जिसमें प्रतिदिन पैदल व वाहनों से हजारों लोग गुजरते हैं। पूरा मार्ग व्यस्त रहता है। सुबह से लेकर देर रात तक इस मार्ग से लोगों का आना-जाना होता है। ऐसे मार्ग के सुधार कार्य में की जा रही हीलाहवाली लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। इन दिनों लगातार बारिश हो रही है। इस मार्ग में कीचड़ के चलते फिसलन की स्थिति बनी हुई है। महिलाएं व छोटे बच्चों के लिए कीचड़ में चलना खतरे से खाली नहीं है। हर व्यक्ति को परेशान होना पड़ रहा है लेकिन कोई देखने वाला नहीं है।


Created On :   25 Sept 2026 6:28 PM IST

Tags

Next Story