न्यूयॉर्क में घोड़ा-गाड़ी पर लगेगा प्रतिबंध, भारतीय किशोर रोमांच महाजन के नाम पर 'रोमांच लॉ' पारित

न्यूयॉर्क में घोड़ा-गाड़ी पर लगेगा प्रतिबंध, भारतीय किशोर रोमांच महाजन के नाम पर रोमांच लॉ पारित
सिटी काउंसिल ने गुरुवार को एक नया कानून पारित किया। इस कानून को 'रोमांच लॉ' नाम दिया गया है। इस कानून के तहत घोड़ा-गाड़ियों पर प्रतिबंध लगाया जाएगा।

न्यूयॉर्क, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। सिटी काउंसिल ने गुरुवार को एक नया कानून पारित किया। इस कानून को 'रोमांच लॉ' नाम दिया गया है। इस कानून के तहत घोड़ा-गाड़ियों पर प्रतिबंध लगाया जाएगा।

इस कानून का नाम एक भारतीय किशोर पर्यटक रोमांच महाजन के सम्मान में रखा गया है, जिसकी सेंट्रल पार्क में ऐसी ही एक गाड़ी से जुड़े हादसे में मौत हो गई थी।

यह कानून रोमांच महाजन की याद में बनाया गया है, जिसकी जून में मौत हो गई थी। हादसा उस समय हुआ जब उसने अपनी मां प्रिया महाजन को बचाने की कोशिश की। घोड़ा अचानक बेकाबू होकर दौड़ पड़ा था, जिससे उनकी मां गाड़ी से नीचे गिर गई थीं। मां को बचाने के लिए रोमांच उनके पीछे कूद पड़ा, लेकिन उसका सिर जमीन से टकरा गया। बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

बिल पारित होने से पहले रोमांच के चाचा गौरव महाजन सिटी हॉल के बाहर प्रतिबंध के समर्थन में आयोजित रैली में शामिल हुए।

उन्होंने कहा, "सच्चा न्याय तभी होगा, जब यह माना जाए कि ये शांत और शानदार घोड़े भीड़भाड़ वाली सड़कों और खतरनाक ट्रैफिक में रहने के लिए नहीं बने हैं।"

उन्होंने कहा, "रोमांच के माता-पिता और उसके भाई की ओर से मैं न्यूयॉर्क के लोगों से एक आखिरी विनती करता हूं कि कृपया रोमांच को मत भूलिए।"

सिटी काउंसिल की स्पीकर जूली मेनिन ने कहा, "रोमांच लॉ को मंजूरी देना इस काउंसिल की पशु कल्याण, सार्वजनिक सुरक्षा और कामगारों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दिखाता है।"

कई वर्षों से पशु अधिकार कार्यकर्ता घोड़ा-गाड़ियों पर प्रतिबंध लगाने की मांग कर रहे थे। हालांकि, गाड़ी मालिकों और ड्राइवरों की यूनियनों की ओर से इसका विरोध किया जाता रहा।

रोमांच की दुखद मौत ने इस कानून को पारित कराने की दिशा में निर्णायक भूमिका निभाई। अब इस बिल पर मेयर जोहरान ममदानी को हस्ताक्षर करने हैं। हालांकि, अगर वह इसे मंजूरी नहीं भी देते हैं, तब भी यह कानून बन जाएगा, क्योंकि इसे काउंसिल में इतने अधिक वोट मिले हैं कि मेयर का वीटो प्रभावी नहीं होगा।

रोमांच महाजन ने पठानकोट के मामून स्थित एंजल्स पब्लिक स्कूल से अपनी 12वीं की पढ़ाई पूरी की थी। वह अपने माता-पिता और भाई के साथ न्यूयॉर्क घूमने गया था।

परिवार सेंट्रल पार्क की सैर कर रहा था। इसी दौरान ड्राइवर ने परिवार की तस्वीर लेने के लिए गाड़ी रोकी, तभी घोड़ा अचानक बेकाबू होकर भागने लगा, जिससे गाड़ी पलट गई और यह दुखद हादसा हो गया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story