निविन पॉली की राजनीतिक थ्रिलर 'प्रतिछाया' की रिलीज डेट से उठा पर्दा, इस दिन देगी दस्तक
चेन्नई, 17 मार्च (आईएएनएस)। मलयालम सिनेमा में हमेशा ही राजनीतिक कहानियों को पर्दे पर रोचक अंदाज में दिखाया गया है। इस बार निर्देशक बी. उन्नीकृष्णन एक नई राजनीतिक थ्रिलर फिल्म 'प्रतिछाया' लेकर आए हैं, जिसमें दर्शक राजनीतिक रणनीतियों के जटिल खेल को देख पाएंगे।
यह फिल्म इसलिए भी खास है क्योंकि इसमें निविन पॉली मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। अब फिल्म निर्माताओं ने इसकी रिलीज डेट से भी पर्दा उठा दिया है।
फिल्म निर्माताओं ने आधिकारिक घोषणा की है कि फिल्म 26 मार्च को दुनियाभर में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। निविन पॉली ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि यह फिल्म एक पिता की विरासत और बेटे की तकदीर की कहानी है।
इस फिल्म के लेखक और निर्देशक बी. उन्नीकृष्णन हैं। इसे श्री गोकुलम मूवीज और आरडी इल्यूमिनेशंस एलएलपी ने प्रोड्यूस किया है।
हाल ही में फिल्म का ट्रेलर जारी किया गया, जिसने दर्शकों की उत्सुकता को बढ़ा दिया। ट्रेलर की शुरुआत ही निविन पॉली की आवाज से होती है। वह सवाल उठाते हैं कि क्या सफलता केवल पद या वेतन से मापी जा सकती है। वे गांधीजी, नेहरू, ईएमएस और ए.के.जी. का उदाहरण देते हुए यह सोचने पर मजबूर करते हैं कि क्या इन्हें समाज सफल मानता है या नहीं।
इस बीच ट्रेलर में प्रदर्शन, राजनीतिक भाषण और नेताओं की छवियां दिखाई जाती हैं, जो फिल्म में होने वाले राजनीतिक संघर्ष का संकेत देती हैं।
फिल्म में निविन पॉली का किरदार एक राजनीतिक रणनीतिकार है। वह किसी नेता की टीम का हिस्सा हैं और राजनीतिक समीकरणों को अच्छी तरह समझते हैं। वह बताते हैं कि मंत्रिमंडल गठन, जाति, धर्म और शक्तिशाली गठबंधनों पर आधारित होता है। नेताओं की छवि और लोकप्रियता इन समीकरणों से तय होती है।
ट्रेलर में दिखाया गया कि निविन पॉली का किरदार भ्रष्ट भी है। जब एक नेता उन्हें करप्ट कहता है, तो वह जवाब देते हुए कहते हैं, ''जैसे तुम्हारा करप्शन से कोई लेना-देना नहीं है।''
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 March 2026 2:44 PM IST












