ओबामा ने ट्रंप पर बोला तीखा हमला, बढ़ती महंगाई के लिए टैर‍िफ नीत‍ि और ईरान यूद्ध को बताया ज‍िम्‍मेदार

ओबामा ने ट्रंप पर बोला तीखा हमला, बढ़ती महंगाई के लिए टैर‍िफ नीत‍ि और ईरान यूद्ध को बताया ज‍िम्‍मेदार
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने तीन नवंबर को होने वाले मिडटर्म चुनावों को 'सिस्टम का सर्किट ब्रेकर' बताते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आलोचना की। ओहायो के क्लीवलैंड में एक रैली के दौरान उन्होंने ट्रंप प्रशासन की ईरान के साथ लड़ाई, टैरिफ नीतियों और इमिग्रेशन पर सख्ती को बढ़ती महंगाई के लिए जिम्मेदार ठहराया।

वाशिंगटन, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने तीन नवंबर को होने वाले मिडटर्म चुनावों को 'सिस्टम का सर्किट ब्रेकर' बताते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आलोचना की। ओहायो के क्लीवलैंड में एक रैली के दौरान उन्होंने ट्रंप प्रशासन की ईरान के साथ लड़ाई, टैरिफ नीतियों और इमिग्रेशन पर सख्ती को बढ़ती महंगाई के लिए जिम्मेदार ठहराया।

बराक ओबामा शनिवार को क्लीवलैंड के पब्लिक ऑडिटोरियम में डेमोक्रेट उम्मीदवार एमी एक्टन, जो ओहायो के गवर्नर पद की उम्मीदवार हैं और अमेरिकी सीनेट के लिए डेमोक्रेट उम्मीदवार पूर्व सीनेटर शेरोड ब्राउन के समर्थन में आयोजित रैली में पहुंचे थे।

ओबामा ने कहा, "इस प्रशासन के फैसले सीधे तौर पर बढ़ती महंगाई के लिए जिम्मेदार हैं।" उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रपति ने एक ऐसी गैरजरूरी लड़ाई शुरू कर दी, जिसे न किसी ने मांगा था और न ही किसी ने उसके पक्ष में वोट दिया था।

ईरान के मुद्दे पर बोलते हुए ओबामा ने कहा, "ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं थे क्योंकि मैंने एक ऐसा समझौता किया था जिसे सबने स्वीकार किया था। उस समझौते ने ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोके रखा और इसके लिए मुझे कोई मिसाइल नहीं चलानी पड़ी। मैंने सिर्फ कूटनीति का रास्ता अपनाया।"

उन्होंने कहा कि सात महीने बाद हालात बदल चुके हैं। उनके मुताबिक, "हमारे सहयोगियों और सैन्य ठिकानों पर हमले हुए हैं, अमेरिकी नागरिक मारे गए हैं, सैकड़ों घायल हुए हैं, हमारे मिसाइल भंडार कम हो गए हैं और अब ईरान को होर्मुज स्‍ट्रेट पर प्रभाव हासिल हो गया है, जहां से दुनिया के बाजारों तक तेल पहुंचता है।"

ओबामा ने कहा, "यही वजह है कि तेल की कीमतें बढ़ी हैं। यही कारण है कि डीजल महंगा हुआ है।" होर्मुज स्‍ट्रेट एशिया के कई देशों, जिसमें भारत भी शामिल है, तक कच्चे तेल की आपूर्ति का एक अहम रास्ता माना जाता है।

व्यापार नीति पर निशाना साधते हुए ओबामा ने कहा कि ट्रंप को टैरिफ बहुत पसंद हैं जबकि उन्हें पहले ही चेतावनी दी गई थी कि इसकी कीमत आखिरकार आम उपभोक्ताओं को चुकानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि टैरिफ ने भी महंगाई बढ़ाने में योगदान दिया है।

उन्होंने कहा, "और अब वह जिस बड़े ट्रेड वॉर की शुरुआत कर रहे हैं, वह उस कथित 'खतरनाक साम्राज्य' कनाडा के खिलाफ है।" इस पर रैली में मौजूद लोग हंस पड़े। ओबामा ने कहा, "यही वो लोग हैं जिन्होंने हमें मेपल सिरप और अभिनेता मार्टिन शॉर्ट दिए हैं।"

इमिग्रेशन पर ओबामा ने कहा कि वह हमेशा से मानते रहे हैं कि सीमा सुरक्षित और व्यवस्थित होनी चाहिए और जो लोग अमेरिका आना चाहते हैं, वे कानूनी तरीके से आएं। उन्होंने याद दिलाया कि राष्ट्रपति रहते हुए सीमा सुरक्षा कड़ी करने पर उन्हें अपनी ही पार्टी के कुछ लोगों की आलोचना झेलनी पड़ी थी।

उन्होंने कहा, "मुझे याद नहीं कि किसी ने चुनाव प्रचार के दौरान यह कहा हो कि नकाब पहने एजेंट हमारी सड़कों पर दौड़ेंगे। मुझे यह भी याद नहीं कि किसी ने कानून का पालन करने वाले नागरिकों की गिरफ्तारी, हिरासत या गोलीबारी की बात की हो।"

ओबामा ने व्हाइट हाउस में ट्रंप की ओर से किए जा रहे नवीनीकरण कार्यों पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा, "उन्हें तो एचजीटीवी पर होना चाहिए। वह व्हाइट हाउस से भी बड़ा बॉलरूम बनवा रहे हैं।"

उन्होंने ट्रंप पर निजी फायदा उठाने के लिए राष्ट्रपति पद का इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया। एक वेनेजुएलाई अरबपति को दी गई माफी का जिक्र करते हुए ओबामा ने कहा, "हमने पहले कभी ऐसा राष्ट्रपति नहीं देखा। यह सीधे-सीधे जनता के पैसे पर फायदा उठाने जैसा है।" उन्होंने मेम कॉइन और करदाताओं के पैसे से मिलने वाले सरकारी ठेकों का भी उल्लेख किया।

ओबामा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस में मौजूद रिपब्लिकन नेताओं ने ट्रंप को रोकने के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने ओहायो के सीनेटर उम्मीदवार और रिपब्लिकन नेता जॉन हस्टेड का नाम भी लिया।

अपने भाषण के अंत में ओबामा ने कहा, "यह चुनाव इस प्रशासन की गलतियों और नासमझी पर कुछ हद तक लगाम लगाने का शायद आखिरी बड़ा मौका है। यह हमारे सिस्टम का सर्किट ब्रेकर है और हमें इस सर्किट ब्रेकर को चालू करना होगा।"

ओबामा ने ओहायो के गवर्नर पद के रिपब्लिकन उम्मीदवार विवेक रामास्वामी की उस चुनावी विज्ञापन पर भी आलोचना की, जो एमी एक्टन को निशाना बनाता है। इसके बाद ओबामा मिशिगन के डेट्रॉइट रवाना हो गए, जहां उन्होंने डेमोक्रेट उम्मीदवारों के समर्थन में चुनाव प्रचार किया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story