ओडिशा के मुख्यमंत्री ने बीरभूम में भाजपा के लिए प्रचार किया, बंगाल में बदलाव का आह्वान

ओडिशा के मुख्यमंत्री ने बीरभूम में भाजपा के लिए प्रचार किया, बंगाल में बदलाव का आह्वान
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रामपुरहाट में भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव-प्रचार कर राज्य में बदलाव का आह्वान किया। उन्होंने दावा किया कि अंग बदल गया है, कलिंग बदल गया है, अब बंगाल भी बदलेगा।

कोलकाता, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रामपुरहाट में भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव-प्रचार कर राज्य में बदलाव का आह्वान किया। उन्होंने दावा किया कि अंग बदल गया है, कलिंग बदल गया है, अब बंगाल भी बदलेगा।

गुरुवार को ही चार भाजपा उम्मीदवारों, ध्रुव साहा (रामपुरहाट), अनिल सिंह (नलहाटी), निखिल बनर्जी (हंसन), और रिंकी घोष (मुरारई), ने रामपुरहाट के सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट के दफ़्तर में अपने नामांकन दाखिल किए।

उम्मीदवारों के समर्थन में ओडिशा के मुख्यमंत्री का काफिला रामपुरहाट पहुंचा और उन्होंने सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट के दफ्तर में उनके साथ लगभग 40 मिनट बिताए।

दफ्तर से बाहर निकलने के बाद मीडिया से बात करते हुए माझी ने कहा कि लोगों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई है। जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में विकास हो रहा है, उसी तरह बंगाल में भी एक भ्रष्टाचार-मुक्त सरकार बनेगी। इस बार बंगाल का भविष्य 'डबल-इंजन' सरकार ही है।

उन्होंने आगे कहा कि मैं पहले मिदनापुर में प्रचार करने आया था और इस बार मैं बीरभूम आया हूं। लोगों की प्रतिक्रिया देखकर ऐसा लगता है कि इस बार बंगाल में कमल खिलेगा।

इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। सीएम माझी ने दावा किया कि लोग बदलाव के लिए वोट देंगे। उन्होंने कहा कि बंगाल में विकास रुका हुआ है। लोग विकास और स्वच्छ शासन चाहते हैं। इसी उम्मीद के कारण भाजपा के लिए समर्थन बढ़ रहा है।

माझी ने पश्चिम बंगाल में मतदाता सूचियों के 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (एसआईआर) अभ्यास के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसका नाम होगा, यह संविधान के अनुसार तय किया जा रहा है। बिहार, उत्तर प्रदेश और ओडिशा में भी इसी प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है। देश के नागरिकों के नाम मतदाता सूची में होने चाहिए। घुसपैठियों के नाम वहां क्यों होने चाहिए? घुसपैठिए न तो मतदाता सूची में होंगे और न ही देश में।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 April 2026 11:24 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story