ओडिशा नवीन पटनायक और उनके करीबी सहयोगी की विदेश यात्राओं की जांच के आदेश

ओडिशा नवीन पटनायक और उनके करीबी सहयोगी की विदेश यात्राओं की जांच के आदेश
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता नवीन पटनायक, उनके करीबी सहयोगी और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी वीके पांडियन और आईपीएस अधिकारी रवि कांत द्वारा 2022-23 और 2023-24 के दौरान की गई विदेश यात्राओं की जांच के आदेश दिए हैं।

भुवनेश्वर, 21 नवंबर (आईएएनएस)। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता नवीन पटनायक, उनके करीबी सहयोगी और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी वीके पांडियन और आईपीएस अधिकारी रवि कांत द्वारा 2022-23 और 2023-24 के दौरान की गई विदेश यात्राओं की जांच के आदेश दिए हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार इस मामले की जांच सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव सुरेश कुमार वशिष्ठ करेंगे।

मुख्यमंत्री माझी ने राज्य के विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं और आरटीआई कार्यकर्ताओं द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों के आधार पर यह जांच कराने का आदेश दिया है।

सीएमओ ने कहा, "विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं की शिकायतों के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री पटनायक, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी पांडियन और आईपीएस अधिकारी रविकांत ने 2022-23 और 2023-24 के दौरान कई विदेश यात्राएं की थीं। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि जापान और इटली की इन यात्राओं पर हुए खर्च का जो विवरण अलग-अलग आरटीआई आवेदनों के जरिए मिला है, वह संदिग्ध, अपारदर्शी और अधूरा है।"

सीएमओ ने कहा, "उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि इन यात्राओं से जुड़ी जानकारी जानबूझकर गुप्त रखी गई, जिसके कारण उपलब्ध रिकॉर्ड में विसंगतियां (कमियां) आ गई हैं। मुख्यमंत्री ने तथ्यों का पता लगाने और सच्चाई सामने लाने के लिए जांच के निर्देश दिए हैं।"

आरटीआई कार्यकर्ताओं के राज्यस्तरीय मंच 'ओडिशा सूचना अधिकार अभियान' (ओएसएए) के राज्य संयोजक प्रदीप कुमार प्रधान ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है, जिसमें उनकी लंबे समय से चली आ रही मांगों को माना गया है।

प्रधान ने कहा, "हम सरकार के फैसले का स्वागत करते हैं, लेकिन जांच के नतीजों को लेकर हमें संदेह है।"

उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री पटनायक की 2022 में इटली और 2023 में जापान की यात्राओं पर कई करोड़ रुपए खर्च किए गए। इन यात्राओं में उनके निजी सचिव पांडियन भी साथ थे। प्रधान ने यह भी आरोप लगाया कि जून 2022 में इटली और दुबई की गई यात्राओं के उद्देश्य और नतीजों के बारे में न तो नेताओं ने और न ही सरकारी एजेंसियों ने कोई जानकारी दी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story