मध्य पूर्व में तनाव बढ़ने के चलते कच्चा तेल 104 डॉलर प्रति बैरल के पार

मध्य पूर्व में तनाव बढ़ने के चलते कच्चा तेल 104 डॉलर प्रति बैरल के पार
अमेरिका द्वारा सप्ताहांत में ईरान के खारग द्वीप पर मौजूद सैन्य ठिकानों पर हमले किए जाने के कारण सोमवार को वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखी गई।

मुंबई, 16 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिका द्वारा सप्ताहांत में ईरान के खारग द्वीप पर मौजूद सैन्य ठिकानों पर हमले किए जाने के कारण सोमवार को वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखी गई।

सुबह लगभग 10:25 बजे, ब्रेंट क्रूड 1.59 प्रतिशत की तेजी के साथ 104.77 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। वहीं, डब्ल्यूटीआई क्रूड 1.07 प्रतिशत की बढ़त के साथ 97.87 डॉलर प्रति बैरल पर था।

ईरान के तेल निर्यात के लिए महत्वपूर्ण खारग द्वीप पर अमेरिकी हमले बाद, आईआरजीसी ने इजरायल और अरब देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।

वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर तेहरान होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरने वाले जहाजों के आवागमन को बाधित करता है, तो द्वीप पर स्थित ईरान के ऊर्जा बुनियादी ढांचे (जो देश के तेल निर्यात का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा है) पर और हमले हो सकते हैं।

ट्रंप ने अन्य देशों से फारस की खाड़ी के तेल और गैस आपूर्ति को वैश्विक बाजारों से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग की सुरक्षा में मदद करने की मांग की है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, वाशिंगटन ने चीन और जापान जैसे प्रमुख तेल आयातक साझेदारों से जलडमरूमध्य में नौसैनिक पोत तैनात करने का आग्रह किया है ताकि टैंकरों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके। वैश्विक तेल शिपमेंट का लगभग पांचवां हिस्सा और समुद्री मार्ग से ले जाए जाने वाले एलपीजी की महत्वपूर्ण मात्रा इसी जलमार्ग से होकर गुजरती है।

अमेरिका ने संभावित ईरानी हमलों को रोकने के प्रयास में नौसेना के पांचवें बेड़े को क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षा करने का आदेश भी दिया है।

खारग द्वीप पर हुए हमले से संघर्ष में और भी तेजी आई है और अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए) के अनुसार, इसके चलते वैश्विक तेल बाजार के इतिहास में सबसे बड़ी आपूर्ति बाधित हुई है। तनाव बढ़ने के बाद से होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरने वाला जहाजी यातायात लगभग ठप हो गया है।

इस बीच, संयुक्त अरब अमीरात ने रविवार को अपने प्रमुख निर्यात केंद्र फुजैरा बंदरगाह पर माल ढुलाई फिर से शुरू कर दी, ड्रोन हमले के एक दिन बाद जिसने जलडमरूमध्य के अवरुद्ध रहने के दौरान देश के प्राथमिक निर्यात मार्ग से माल ढुलाई को अस्थायी रूप से रोक दिया था।

ब्रेंट क्रूड की कीमत पिछले सप्ताह लगभग 11 प्रतिशत बढ़कर 119.50 डॉलर प्रति बैरल के उच्च स्तर पर पहुंच गई - जो रूस द्वारा यूक्रेन पर आक्रमण के बाद के स्तर के बराबर है - और फिर 103 डॉलर प्रति बैरल से थोड़ा ऊपर स्थिर हो गई।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 March 2026 11:05 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story