अमरावती में पुलिसकर्मी ने सर्विस पिस्तौल से की खुदकुशी, जांच जारी
अमरावती, 26 मार्च (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के अमरावती शहर से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) सुपर रैपिड स्क्वॉड में तैनात पुलिस कांस्टेबल विजय दिलीप नागापुरे (35) ने गुरुवार सुबह अपनी सर्विस पिस्तौल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
विजय नागापुरे मूल रूप से मोर्शी तालुका के धमणगांव कटपुर के रहने वाले थे और अमरावती शहर में रह रहे थे। वह अविवाहित थे और वर्ष 2014 बैच से पुलिस विभाग में सेवा दे रहे थे।
अधिकारियों के मुताबिक, नागापुरे बुधवार रात ड्यूटी पर थे। 26 मार्च की सुबह करीब 9 बजे ड्यूटी खत्म करने के बाद वह पुलिस कमिश्नरेट परिसर स्थित क्यूआरटी ऑफिस में ही रुके रहे। इसी दौरान उन्होंने यह कदम उठा लिया। घटना की खबर फैलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
इस घटना की जानकारी सबसे पहले उनके साथी कांस्टेबल आकाश दिलीप अम्बरटे को हुई, जिन्होंने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस आयुक्त राकेश ओला, डीसीपी गणेश शिंदे और श्याम घुगे मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
जांच के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी तुरंत बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में मौके से एक गोली बरामद हुई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला सामान्य अस्पताल भेज दिया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना से ठीक पहले नागापुरे ने अपने भाई श्याम नागापुरे, जो खुद भी शहर पुलिस में कार्यरत हैं, को फोन किया था। बातचीत में उन्होंने कहा था, "पेट्रोल पंप पर भीड़ है, पेट्रोल भरवाकर घर आता हूं।" इसे उनकी आखिरी बातचीत माना जा रहा है।
फिलहाल आत्महत्या के पीछे की असली वजह सामने नहीं आई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 March 2026 4:29 PM IST












