बलूचिस्तान में नुकसान के बाद बैकफुट पर पाक सेना, रिटायर्ड जवानों को फिर से बुलाने की तैयारी

बलूचिस्तान में नुकसान के बाद बैकफुट पर पाक सेना, रिटायर्ड जवानों को फिर से बुलाने की तैयारी
बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में भारी जनहानि और सैनिकों के नौकरी छोड़ने की बढ़ती प्रवृत्ति पाकिस्तानी सेना के लिए सिरदर्द बनी हुई है। सेना गंभीर जनबल संकट से जूझ रही है। इस कमी को पूरा करने के लिए पाक सुरक्षा प्रतिष्ठान ने सेवानिवृत्त सैन्य कर्मियों को तत्काल प्रभाव से फिर से भर्ती करने का निर्देश जारी किया है।

नई दिल्ली, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में भारी जनहानि और सैनिकों के नौकरी छोड़ने की बढ़ती प्रवृत्ति पाकिस्तानी सेना के लिए सिरदर्द बनी हुई है। सेना गंभीर जनबल संकट से जूझ रही है। इस कमी को पूरा करने के लिए पाक सुरक्षा प्रतिष्ठान ने सेवानिवृत्त सैन्य कर्मियों को तत्काल प्रभाव से फिर से भर्ती करने का निर्देश जारी किया है।

फ्रंटियर कॉर्प्स, बलूचिस्तान (उत्तर) के इंस्पेक्टर जनरल ने एक आधिकारिक संदेश में रिटायर्ड सैनिकों से तुरंत रिपोर्ट करने और दोबारा भर्ती होने को कहा है।

एक अधिकारी ने कहा कि इस संदेश से दो बातें पता चलती हैं। पहली बात यह है कि पाकिस्तानी सेना में सैनिकों की भारी कमी हो गई है, क्योंकि बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए), बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (बीएलएफ) और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) जैसे गुटों के हमलों में सेना को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।

अधिकारी ने कहा, "इस तरह के संदेश का दूसरा कारण यह हो सकता है कि पाकिस्तान सेना इन इलाकों में अपने ऑपरेशन तेज करने की तैयारी कर रही है। बीएलए और बीएलएफ जैसे गुटों ने अपनी क्षमताएं काफी बढ़ा ली हैं और महिला सुसाइड यूनिट भी बनाई हैं, जिन्होंने सुरक्षा बलों पर सफल हमले भी किए हैं।"

पाकिस्तान ने रिटायर्ड सैनिकों की वापसी के लिए 30 अक्टूबर की समय-सीमा तय की है।

विशेषज्ञों का कहना है कि वहां का सिस्टम ध्वस्त हो चुका है। हालांकि वे यह दिखाने की कोशिश कर सकते हैं कि वे समस्या को खत्म करने के लिए ऑपरेशन तेज करना चाहते हैं, लेकिन असल में सैनिकों की भारी कमी है।

अकेले सितंबर में, इन अलगाववादी गुटों ने सुरक्षा बलों पर 94 हमले किए। बीएलए ने दावा किया कि इन हमलों में उसने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के 105 जवानों को मार गिराया।

जानकारों का कहना है, "इससे पता चलता है कि सिस्टम को भारी नुकसान हुआ है, जिसके कारण उनके सैनिकों की संख्या कम हो गई है।"

हालांकि संदेश में 30 अक्टूबर की समय-सीमा बताई गई है, लेकिन इसमें रिटायर्ड सैनिकों की वापसी को अनिवार्य नहीं किया गया है। साथ ही, वापस आने वालों के लिए कोई उम्र सीमा भी तय नहीं की गई है। वापस आने वालों को फायदा यह होगा कि उन्हें उनकी पिछली सर्विस के हिसाब से सैलरी दी जाएगी।

एक अन्य अधिकारी ने कहा कि हाल के वर्षों में पाकिस्तान अपने रिटायर्ड सैनिकों की मदद लेने की ओर तेजी से बढ़ा है। कई लोगों को लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के साथ मिलकर लड़ने के लिए शामिल किया गया है। अधिकारी ने कहा, "इसके पीछे की वजह यह है कि ये रिटायर्ड जवान अनुभवी हैं और तुरंत ऑपरेशन शुरू कर सकते हैं और उन्हें किसी खास ट्रेनिंग की जरूरत नहीं होती।"

केपी इलाके पर ध्यान देने से पहले, बलूचिस्तान के हालात को ठीक करने की पाकिस्तान कोशिश करेगा। बीएलए ने खास तौर पर चेकपोस्ट और मिलिट्री काफिलों को निशाना बनाया है; ऐसे हमलों में घात लगाकर किए गए हमलों से सुरक्षा बलों को भारी नुकसान पहुंचा है।

इन ग्रुप्स के हमलों की वजह से जवान मारे जा रहे हैं, और इसी वजह से रिटायर्ड जवानों को वापस बुलाया जा रहा है। तो दूसरी वजह नौकरी छोड़कर लापता होने वालों की बढ़ती तादाद है। कई जवानों ने या तो नौकरी छोड़ दी है या वे लापता हो गए हैं, क्योंकि उन्हें डर है कि वे मारे जा सकते हैं।

अधिकारी ने कहा, "उनका मनोबल गिरा हुआ है और वे अब लड़ना नहीं चाहते, इसलिए वे नौकरी छोड़ रहे हैं।"

बलूचिस्तान और केपी में हालात इतने खराब हैं कि कई इलाकों में बीएलए, बीएलएफ और टीटीपी का पूरा कब्जा है। स्थानीय लोगों से मिल रहे समर्थन से उनकी ह्यूमन इंटेलिजेंस (लोगों से मिलने वाली जानकारी) और मजबूत हुई है। इसका मतलब यह भी है कि स्थानीय लोग सुरक्षा बलों को जानकारी नहीं दे रहे हैं, और इसी वजह से हताहतों की संख्या ज्यादा है।

बीएलए और बीएलएफ ने मस्तुंग, नुश्की, खान, टेक, वाशुक और पंजूर इलाकों में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। ये इलाके बीएलए के गढ़ माने जाते हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 Oct 2026 4:51 PM IST

Tags

Next Story