पाकिस्तान खैबर पख्तूनख्वा में पुलिस वाहन पर रॉकेट से हमला, एक कांस्टेबल की मौत, दो घायल

पाकिस्तान  खैबर पख्तूनख्वा में पुलिस वाहन पर रॉकेट से हमला, एक कांस्टेबल की मौत, दो घायल
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बन्नू शहर में कंगर जान बहादुर इलाके में शुक्रवार को सशस्त्र हमलावरों ने एक पुलिस वाहन को रॉकेट हमले का निशाना बनाया, जिसमें एक पुलिस कांस्टेबल की मौत हो गई और दो अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए।

इस्लामाबाद, 1 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बन्नू शहर में कंगर जान बहादुर इलाके में शुक्रवार को सशस्त्र हमलावरों ने एक पुलिस वाहन को रॉकेट हमले का निशाना बनाया, जिसमें एक पुलिस कांस्टेबल की मौत हो गई और दो अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पाकिस्तान के प्रमुख दैनिक 'द एक्सप्रेस ट्रिब्यून' की रिपोर्ट के अनुसार, बन्नू के जिला पुलिस अधिकारी (डीपीओ) यासिर अफरीदी ने बताया कि यह घटना तब हुई, जब फतेह खेल चेकपॉइंट से लौट रहे पुलिसकर्मियों के वाहन को रॉकेट हमले का निशाना बनाया गया।

इस हमले में कांस्टेबल (ड्राइवर) रजा अली शाह की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

अफरीदी ने बताया कि रॉकेट हमले के बाद गोलीबारी और धमाके भी हुए, जिसके चलते अधिकारियों ने मिरयान रोड पर यातायात बंद कर दिया। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

यह घटना पाकिस्तान में विशेष रूप से सीमावर्ती प्रांतों बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में कानून प्रवर्तन कर्मियों को निशाना बनाकर किए जाने वाले हमलों में वृद्धि के बीच हुई है।

स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, इसी सप्ताह की शुरुआत में पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के पिशिन जिले के हुरमजई इलाके में सशस्त्र हमलावरों ने एक चेकपोस्ट को निशाना बनाया था, जिसमें एक पुलिस हेड कांस्टेबल की मौत हो गई थी।

'डॉन' अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि सशस्त्र हमलावरों ने स्वचालित हथियारों से लैस होकर एक पुलिस चेकपोस्ट पर गोलीबारी की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। एक पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि दोनों ओर से हुई गोलीबारी, जो कुछ समय तक जारी रही, उसमें हेड कांस्टेबल की जान चली गई। हमलावर मौके से फरार हो गए।

19 अप्रैल को खैबर पख्तूनख्वा के कुर्रम गढ़ी इलाके में बाइक पर आए हमलावरों ने दो फ्रंटियर कॉन्स्टेबुलरी (एफसी) जवानों को उस समय गोली मार दी, जब वे बाजार में खरीदारी कर रहे थे।

इसी तरह 18 मार्च को ऊपरी दीर के मनो बंडा इलाके में एलीट फोर्स के एक सहायक सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) को उनके घर के बाहर अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी थी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   1 May 2026 10:31 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story