पाकिस्तान पेट्रोल-डीजल की बेलगाम कीमतों से ट्रांसपोर्टर बेहाल, बोले- 'ये जिंदा दफनाने जैसा'
इस्लामाबाद, 10 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी से अवाम पस्त है। पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों का असर आम जन जीवन पर पड़ रहा है। इस बीच पेशावर और खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में ट्रांसपोर्टर भी सड़क पर उतर आए। हुक्मरानों के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन किया।
द एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट अनुसार, शनिवार को पेशावर के हाजी कैंप टर्मिनल पर दर्जनों ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर इकट्ठा हुए और पेट्रोल-डीजल की कीमतें घटाने को लेकर जबरदस्त प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए, ट्रांसपोर्ट लीडर जुबैर अहमद कुरैशी ने कहा कि पेट्रोलियम की कीमतें बढ़ रही हैं जबकि सीएनजी उपलब्ध नहीं है।
उन्होंने कहा, "ईद आ रही है, लेकिन हाइपरइन्फ्लेशन (बेलगाम महंगाई) ने शॉपिंग को नामुमकिन बना दिया है। बेरोजगारी ने पहले ही गरीबों को तोड़ दिया है। यह निम्न आय वर्ग पर बहुत बड़ा ज़ुल्म है। आटा अब आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गया है और ज्यादा महंगाई का मतलब है लोगों को जिंदा दफनाना।"
ट्रांसपोर्टर्स गुस्सा हैं कि आखिर नए फ्यूल एडजस्टमेंट के बाद एक महीने के अंदर पांचवीं बार किराया क्यों बढ़ाया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, एसी गाड़ियों के किराए में भारी इजाफा हुआ है, जबकि नॉन-एसी बसों के किराए में पांच फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
पेशावर से नौशेरा, मर्दन, एबटाबाद, हरिपुर, स्वात और मलकंद जाने के लिए किराया पाकिस्तानी रुपए (पीकेआर) से बढ़कर 50 से 500 रुपए हो गया है। रावलपिंडी और लाहौर जाने वाले यात्रियों को अब 3,000 पीकेआर तक ज्यादा खर्च करना पड़ रहा है। पेशावर में सिटी बसों का न्यूनतम किराया 10 पीकेआर से बढ़ाकर 30 पीकेआर कर दिया गया है, जबकि माल ढोने वाली गाड़ियों के दाम भी बढ़ा दिए गए हैं।
30 अप्रैल को, पाकिस्तान सरकार ने एक हफ्ते के लिए हाई-स्पीड डीजल (एचएसडी) का दाम 19.39 प्रति लीटर पीकेआर और पेट्रोल का दाम 6.51 प्रति लीटर पीकेआर बढ़ा दिया।
पाकिस्तान के पेट्रोलियम डिवीजन के जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, एचएसडी की कीमत 380.19 पीकेआर से बढ़ाकर 399.58 पीकेआर कर दी गई है, जबकि पेट्रोल 399.86 रुपए प्रति लीटर पर बेचा जाएगा, जबकि पहले यह 393.35 रुपये प्रति लीटर था।
हाई-स्पीड डीजल का इस्तेमाल ट्रांसपोर्ट और खेती-बाड़ी में होता है। बुआई का मौसम चल रहा है, इसलिए इसकी कीमत में बढ़ोतरी से खेती-बाड़ी पर असर पड़ने की आशंका है। ट्रांसपोर्टेशन खर्च बढ़ने की वजह से खाद की कीमतों में भी इजाफा हुआ है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 May 2026 4:12 PM IST












