राष्ट्रपति मुर्मु ने झारखंड के रामगढ़ में सड़क दुर्घटना के दौरान 13 लोगों की मौतों पर जताया दुख

नई दिल्ली, 29 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रविवार को झारखंड के रामगढ़ में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "झारखंड के रामगढ़ जिले में हुई एक सड़क दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों सहित कई लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहन संवेदनाएं व्यक्त करती हूं और घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामगढ़ में हुए हादसे पर शोक व्यक्त किया। साथ ही, उन्होंने घोषणा की कि हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को 'प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष' से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।
पीएमओ के अनुसार, प्रधानमंत्री ने कहा कि झारखंड के रामगढ़ जिले में हुई दुखद घटना के बारे में जानकर बहुत पीड़ा हुई। उन्होंने कहा, "दुख की इस घड़ी में मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। घायल लोग जल्द से जल्द स्वस्थ हों, यही कामना है।"
इसी बीच, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस घटना पर दुख जताया। सोरेन ने 'एक्स' पर लिखा, "रामगढ़ में पैंकी गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर हुई सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इस हादसे में अपनी जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं हैं। मारांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को इस दुख की घड़ी को सहन करने की शक्ति दें। दुर्घटना में घायल व्यक्ति का समुचित उपचार कराया जा रहा है।"
रामगढ़ जिले में रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर यह हादसा उस समय हुआ, जब स्कॉर्पियो सवार करीब 14 लोग रजरप्पा मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। पुलिस ने बताया कि मृतक बिहार के नालंदा जिले के जंगहारो गांव के रहने वाले थे। स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण 14 में से 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति का अस्पताल में इलाज जारी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
