झारखंड के रामगढ़ हादसे में नालंदा के 13 लोगों की मौत पर सीएम सम्राट चौधरी और तेजस्वी ने जताया शोक

पटना, 29 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के रामगढ़ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में बिहार के नालंदा जिले के 13 लोगों की मौत पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। दोनों नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स के माध्यम से शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर लिखा कि झारखंड के रामगढ़ में हुई भीषण सड़क दुर्घटना में बिहार के नालंदा जिले के 13 लोगों की असामयिक मृत्यु की खबर अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस अपार दुख की घड़ी में बिहार सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय पीड़ा को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही दुर्घटना में घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। वहीं, तेजस्वी यादव ने भी हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि झारखंड के रामगढ़ स्थित प्रसिद्ध रजरप्पा मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे नालंदा जिले के 13 लोगों की भीषण सड़क दुर्घटना में असामयिक मौत की खबर से वह मर्माहत हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा परिजनों को दुख सहने का धैर्य, साहस और शक्ति देने की प्रार्थना की।
तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार से मृतकों के आश्रितों को पांच लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान देने की मांग भी की। उल्लेखनीय है कि रामगढ़ जिले में रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुजू थाना क्षेत्र के पैंकी के समीप एक स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वाहन में कुल 14 लोग सवार थे। हादसे में चार बच्चों और चार महिलाओं समेत 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल का इलाज रामगढ़ सदर अस्पताल में चल रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
