हैदराबाद में गणेश प्रतिमा विसर्जन पर रोक के खिलाफ प्रदर्शन, टैंक बंड पर बढ़ा तनाव
हैदराबाद, 21 सितंबर (आईएएनएस)। हैदराबाद के प्रसिद्ध टैंक बंड पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन पर लगी पाबंदियों के विरोध में सोमवार को भाग्यनगर गणेश उत्सव समिति के प्रतिनिधियों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स हटाकर हुसैन सागर झील में प्रतिमा विसर्जन की अनुमति देने की मांग की।
भगवा टोपी और दुपट्टा पहने प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए सड़क पर धरना दिया, जिससे हैदराबाद और सिकंदराबाद को जोड़ने वाली व्यस्त टैंक बंड सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने बैरिकेड्स और रेलिंग हटाकर झील में भी फेंक दिए। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था।
बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर विभिन्न थानों में भेज दिया।
भाग्यनगर गणेश उत्सव समिति पिछले कई वर्षों से टैंक बंड पर प्रतिमा विसर्जन पर लगी रोक का विरोध कर रही है। समिति का कहना है कि टैंक बंड पारंपरिक विसर्जन स्थल रहा है और यहां विसर्जन की अनुमति दी जानी चाहिए।
ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) और पुलिस ने टैंक बंड पर फ्लेक्स बोर्ड लगाकर स्पष्ट किया है कि इस मार्ग से प्रतिमाओं का विसर्जन प्रतिबंधित है। श्रद्धालुओं को पीपुल्स प्लाजा, नेकलेस रोड और एनटीआर मार्ग पर बनाए गए निर्धारित विसर्जन स्थलों का उपयोग करने की सलाह दी गई है, जहां क्रेन की व्यवस्था की गई है।
प्रशासन ने यह भी कहा है कि केवल मिट्टी और अन्य पर्यावरण-अनुकूल प्रतिमाओं का ही निर्धारित स्थानों पर विसर्जन किया जाएगा। प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) की प्रतिमाओं के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में कृत्रिम 'बेबी पॉन्ड' बनाए गए हैं।
गौरतलब है कि 2021 में तेलंगाना हाईकोर्ट ने पर्यावरणीय कारणों का हवाला देते हुए हुसैन सागर और शहर की अन्य झीलों में पीओपी प्रतिमाओं के सीधे विसर्जन पर रोक लगा दी थी। अदालत ने टैंक बंड से विसर्जन पर भी प्रतिबंध लगाया था और कृत्रिम तालाबों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया था।
इस बीच, भाजपा ने गणेश उत्सव समिति के आंदोलन का समर्थन किया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने कहा कि दशकों से टैंक बंड पर गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन होता आया है, लेकिन कांग्रेस सरकार ने इस बार इस पर रोक लगा दी है। उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से विसर्जन कराने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने की मांग की।
उधर, करीमनगर जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं और कुछ हिंदू संगठनों ने चिंतकुंटा नहर में गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए पानी छोड़ने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने वहां भी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने भाजपा कार्यकर्ताओं और हिंदू संगठनों के सदस्यों की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए कहा कि गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए पानी मांगने पर पुलिस कार्रवाई उचित नहीं है। उन्होंने राज्य सरकार से शांतिपूर्ण विसर्जन के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 Sept 2026 10:05 PM IST












