राहुल गांधी ने की 1 नवंबर के रामलीला मार्च में शामिल होने की अपील, बोले-लाठीचार्ज से मत डरिए

नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सासंद राहुल गांधी ने गुरुवार को लोगों से 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया ब्लॉक के मार्च में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने इसे लोकतंत्र बचाने, वोट चोरी रोकने और संविधान की रक्षा के लिए एक आंदोलन बताया।
सोशल मीडिया मंच एक्स पर हिंदी में जारी एक वीडियो संदेश में राहुल गांधी ने कहा कि यह मार्च किसी खास राजनीतिक दल के लिए नहीं, बल्कि भारत की आत्मा के लिए है।
उन्होंने वीडियो में कहा, " 'चलो दिल्ली रामलीला मार्च' लोकतंत्र बचाने का, 'वोट चोरी' रोकने का और संविधान बचाने का मार्च है। यह किसी एक राजनीतिक पार्टी का मार्च नहीं है, यह हिंदुस्तान की आत्मा का मार्च है।"
उन्होंने कहा, "जो भी लोग प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त से तंग हैं। जो भी लोकतंत्र बचाना चाहते हैं और संविधान की रक्षा करना चाहते हैं, सभी आइए। एक ही प्रोटेस्ट है। देश का प्रोटेस्ट है।"
राहुल गांधी ने कहा, "पुलिस की चिंता मत कीजिए, लाठीचार्ज की चिंता मत कीजिए, भाजपा में इतनी हिम्मत नहीं होगी कि वे अपनी कोई हरकत आजमाएं। हमारे साथ मार्च में आइए, हम संविधान की रक्षा के लिए, भारतीय राष्ट्र की रक्षा के लिए एक साथ चलेंगे। घबराने की कोई जरूरत नहीं है।"
राहुल गांधी ने कहा, "मैं सभी छात्र समूहों से अपील करता हूं, चाहे आपकी राजनीतिक संबद्धता कुछ भी हो, अगर आपको लगता है कि भारत पर हमला हो रहा है, अगर आपको लगता है कि आप पर हमला हो रहा है, आपकी अभिव्यक्ति, आपके विचार, आपके सोचने का तरीका खतरे में है, तो आइए और हमसे जुड़िए।"
यह अपील ऐसे समय में आई है जब कांग्रेस 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया ब्लॉक की रैली में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी कर रही है।
इस बीच विपक्ष शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर एक मॉक पार्लियामेंट आयोजित करने की भी तैयारी कर रहा है, जिसके दौरान वह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का प्रतीकात्मक 'जन महाभियोग' करने की योजना बना रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
