युद्धक लक्ष्य भेदने के लिए भारत और इंडोनेशिया के जवानों का फायरिंग अभ्यास

नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत और इंडोनेशिया के जवानों ने युद्ध जैसे हालात में लक्ष्य को भेदने के लिए सटीक निशाने लगाए हैं। दोनों देशों के विशेष बलों ने सैन्य अभ्यास 'गरुड़ शक्ति' के तहत इंडोनेशिया के बान्युवांगी में यह संयुक्त फायरिंग अभ्यास किया। इसमें दोनों देशों के कमांडो अपनी निशानेबाजी, तेजी और सटीकता का प्रदर्शन करते हुए युद्धक तैयारियों को परख रहे हैं।
अभ्यास के दौरान सैनिकों ने युद्धक निशानेबाजी, तेजी से स्थिति बदलकर फायरिंग करने और स्नाइपर फायरिंग का प्रशिक्षण लिया। इसमें खास तौर पर इस बात पर जोर दिया गया कि युद्ध जैसी परिस्थितियों में सैनिक कितनी तेजी से लक्ष्य पहचानते हैं और कितनी सटीकता से उसे निशाना बनाते हैं। इस अभ्यास का मकसद केवल निशानेबाजी में दक्षता बढ़ाना नहीं, बल्कि दोनों देशों के विशेष बलों को मिलकर अभियान चलाने के लिए तैयार करना भी है।
रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, संयुक्त प्रशिक्षण से सैनिकों को एक-दूसरे की कार्यप्रणाली समझने, बेहतर तालमेल बनाने और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से कार्रवाई करने का अवसर मिलता है। इसलिए 'गरुड़ शक्ति' भारत और इंडोनेशिया के विशेष बलों के बीच युद्धक कौशल, अभियान संबंधी तैयारी और आपसी तालमेल मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
गौरतलब है कि संयुक्त प्रशिक्षण के दौरान दोनों देशों के सैनिक अपने हथियारों, सैन्य उपकरणों और अभियान चलाने के तरीकों से जुड़ी जानकारी और अनुभव भी साझा कर रहे हैं। इससे उन्हें एक-दूसरे की कार्यप्रणाली को समझने और संयुक्त अभियानों के दौरान बेहतर तालमेल बनाने में मदद मिलेगी। भारत और इंडोनेशिया के विशेष बल जंगलों में कठिन परिस्थितियों के बीच संयुक्त अभ्यास कर रहे हैं। दोनों देशों के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास 'गरुड़ शक्ति' की शुरुआत 27 अक्टूबर को हुई है और यह अभ्यास 6 नवंबर तक चलेगा।
इस अभ्यास में भारतीय दल का प्रतिनिधित्व पैराशूट रेजिमेंट (विशेष बल) के जवान कर रहे हैं। वहीं इंडोनेशिया की ओर से वहां के विशेष बलों के सैनिक हिस्सा ले रहे हैं। अभ्यास का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के विशेष बलों के बीच आपसी समझ, सहयोग और एक-दूसरे के साथ मिलकर अभियान चलाने की क्षमता को मजबूत करना है।
'गरुड़ शक्ति' युद्धाभ्यास में दोनों देशों के जवान जंगल जैसे चुनौतीपूर्ण वातावरण में विशेष अभियान चला रहे हैं। यहां अभियान की रणनीतियों और तकनीकों का अभ्यास भी किया जा रहा है। इसमें बाधाओं को पार करना, युद्ध के दौरान सटीक निशाना लगाना, पर्वतारोहण और हवाई हमले से जुड़ा प्रशिक्षण शामिल है। इसके साथ साथ सैनिकों की शारीरिक सहन शक्ति, कठिन परिस्थितियों में काम करने की क्षमता और युद्ध के लिए तैयारी को मजबूत करने वाले विशेष अभ्यास भी किए जा रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
