ट्रेन हादसे के बाद स्पेन में हिंसक विरोध प्रदर्शन, पीएम और परिवहन मंत्री का मांगा इस्तीफा

ट्रेन हादसे के बाद स्पेन में हिंसक विरोध प्रदर्शन, पीएम और परिवहन मंत्री का मांगा इस्तीफा
स्पेन में बुधवार सुबह हुए दो हाईस्पीड ट्रेनों की टक्कर ने 68 लोगों की जान ले ली, इसके बाद मैड्रिड में लोग सड़कों पर उतर आए। देर रात तक हिंसक प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर बोतलें और पटाखे फेंके।

मैड्रिड, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। स्पेन में बुधवार सुबह हुए दो हाईस्पीड ट्रेनों की टक्कर ने 68 लोगों की जान ले ली, इसके बाद मैड्रिड में लोग सड़कों पर उतर आए। देर रात तक हिंसक प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर बोतलें और पटाखे फेंके।

स्पेनिश समाचार एजेंसी ईएफई के अनुसार, मैड्रिड में 1,000 से ज्यादा लोगों ने सरकार विरोधी प्रदर्शन किया। दक्षिणपंथी समूहों की अगुवाई में लोग सड़क पर उतरे। बाद में प्रदर्शन झड़प में बदल गया और जवाब में पुलिस ने हलका बल प्रयोग कर लोगों को तितर-बितर किया।

प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री सांचेज और पुएंते के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। कुछ लोगों ने पुएंते को ‘मौत का मंत्री’ तक कहा। उन्होंने रेलवे सुरक्षा की जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।

रिपोर्ट के अनुसार, इस रैली का आयोजन दक्षिणपंथी 'फालान्ज' पार्टी और 'रेवुएल्टा' जैसे अन्य समूहों ने किया था। वहीं, 'वॉक्स' से जुड़े संगठन 'सोलिदारिदाद' ने एक अलग प्रदर्शन किया।

तनाव तब बढ़ गया जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की घेराबंदी को तोड़ने की कोशिश की। इसके जवाब में दंगा-रोधी पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। गुस्से में लोगों ने फिर पटाखे और खाली बोतलें फेंकनी शुरू की जिसके जवाब में हलके बल का इस्तेमाल करते हुए पुलिस ने अंततः भीड़ को तितर-बितर कर दिया।

बुधवार सुबह, मैड्रिड के दक्षिण में उर्डा शहर के पास हुआ ट्रेन हादसा, इस साल स्पेन में हाई-स्पीड रेल की दूसरी जानलेवा टक्कर थी। स्पेन के सरकारी प्रसारक आरटीवीई की रिपोर्ट के अनुसार, सरकारी कंपनी रेनफे की एक ट्रेन निजी कंपनी इर्यो ट्रेन की पटरी पर खड़ी ट्रेन से टकरा गई, जिसमें 68 लोगों की मौत हो गई और 180 से ज्यादा घायल हो गए। ट्रेनों की रफ्तार आमतौर पर 200 किमी/घंटे से ज्यादा होती है।

शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक रेल सुरक्षा सिस्टम में खराबी आई थी जिसके बाद कंट्रोल सेंटर ने एक ट्रेन को दोबारा चलने की इजाजत दी जिसके बाद ये दर्दनाक हादसा हुआ।

इससे पहले जनवरी में अडामूज के पास भी एक ट्रेन हादसा हुआ था, जिसमें 46 लोगों की जान चली गई थी। उस वक्त ट्रेन बेपटरी हो गई थी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story