राम गोपाल वर्मा ने टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में शामिल असली शूटर्स की तुलना फिल्मों की कास्टिंग से की

राम गोपाल वर्मा ने टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में शामिल असली शूटर्स की तुलना फिल्मों की कास्टिंग से की
फिल्म निर्माता राम गोपाल वर्मा ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में कथित शूटरों की शक्ल-सूरत पर टिप्पणी करते हुए उनकी तुलना फिल्मों में अपराधियों की कास्टिंग से की है।

मुंबई, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। फिल्म निर्माता राम गोपाल वर्मा ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में कथित शूटरों की शक्ल-सूरत पर टिप्पणी करते हुए उनकी तुलना फिल्मों में अपराधियों की कास्टिंग से की है।

राम गोपाल वर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा कि जिन लोगों पर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने का आरोप है, उन्हें किसी फिल्म में खलनायक के गिरोह में चाय लाने वाले लड़कों की भूमिका भी नहीं मिलेगी।

उन्होंने लिखा, "टाइगर श्रॉफ पर हमला करने वाले शूटर जैसे दिखते हैं, उन्हें किसी फिल्म में विलेन के अड्डे पर चाय पहुंचाने वाले लड़के का रोल भी नहीं मिलेगा।"

राम गोपाल वर्मा ने कहा कि वास्तविक जिंदगी के अपराधी अक्सर फिल्मों में दिखाए जाने वाले अपराधियों से काफी अलग दिखते हैं। उन्होंने इस संदर्भ में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का भी जिक्र किया।

वर्मा ने कहा कि यदि भारत के सबसे चर्चित गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम पर फिल्म बनाई जाए तो हो सकता है कि दाऊद जैसे दिखने वाले व्यक्ति को भी उसका किरदार निभाने के लिए न चुना जाए।

उन्होंने लिखा, "असल जिंदगी का कास्टिंग डायरेक्टर, फिल्मी दुनिया के कास्टिंग डायरेक्टर से कहीं ज्यादा अजीब होता है।" उन्होंने अपनी पोस्ट में कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा को भी टैग किया।

वर्मा की इस टिप्पणी पर सोशल मीडिया यूजर्स ने भी प्रतिक्रिया दी। कुछ लोगों ने उनकी बात से सहमति जताई, जबकि कुछ ने अलग राय रखी।

एक यूजर ने लिखा, "कास्टिंग डायरेक्टर वही चुनते हैं जो बिक सके, जरूरी नहीं कि वह हकीकत जैसा हो। बॉलीवुड में गैंगस्टर सूट और दाढ़ी में दिखाया जाता है, जबकि असली अपराधी आपके आसपास के आम लोगों जैसे दिख सकते हैं।"

एक अन्य यूजर ने लिखा, "आप इतने सालों से फिल्म निर्देशक हैं, अच्छा होगा कि आप खुद भी किसी किरदार को निभाएं, जैसे दाऊद इब्राहिम का।"

इससे पहले भी राम गोपाल वर्मा ने टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे एक असामान्य घटना बताया था।

उन्होंने कहा था कि आमतौर पर ऐसी वारदातें वसूली, कॉन्ट्रैक्ट किलिंग या आपसी रंजिश के कारण होती हैं, लेकिन इस मामले में कथित तौर पर वजह 'अहंकार और दिखावा' नजर आती है।

वर्मा ने लिखा था, "टाइगर श्रॉफ के साथ जो हुआ, वह पहले कभी नहीं देखा गया। पहली बार ऐसा लग रहा है कि हत्या की कोशिश का कारण वसूली या बदला नहीं, बल्कि अहंकार और प्रतिष्ठा का मामला है।"

बता दें कि 19 अक्टूबर को मुंबई के जुहू क्षेत्र स्थित पुष्पा नरसी पार्क के पास एक फुटबॉल क्लब के बाहर टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई थी। इस घटना में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित रहे, लेकिन उनके चालक और एक ऑटो रिक्शा चालक घायल हो गए थे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story