रूस ने पूर्वी यूक्रेन के कोंस्तांतिनोवका शहर पर कब्जे का किया दावा, पुतिन ने रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण बताया
मॉस्को, 4 जुलाई (आईएएनएस)। रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के प्रयासों के बीच क्रेमलिन ने बड़ा दावा किया है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि रूसी सेना ने पूर्वी यूक्रेन के कोंस्तांतिनोवका शहर पर पूरा नियंत्रण स्थापित कर लिया है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इसे रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण बताया।
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव के हवाले से आरआईए नोवोस्ती ने शुक्रवार को बताया, "कोंस्तांतिनोवका पर पूरी तरह से कब्जा कर लिया गया है।" समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, कोंस्तांतिनोवका यूक्रेन के डोनेट्स्क क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण शहर है।
इस घोषणा के बाद राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को संयुक्त सैन्य बल समूह के एक अस्थायी कमांड पोस्ट का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कोंस्तांतिनोवका पर कब्जा रणनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
पुतिन ने कहा, "जैसा कि हम सभी जानते हैं, यह शहर डोनबास का प्रमुख परिवहन केंद्र और एक बड़ा औद्योगिक केंद्र है। रूसी सेना ने 2026 की शुरुआत से डोनबास और नोवोरोसिया में 133 बस्तियों तथा 3,000 वर्ग किलोमीटर से अधिक क्षेत्र पर नियंत्रण स्थापित किया है।"
राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि यूक्रेन जितनी अधिक बार रूस के रिहायशी इलाकों पर हमला करने की कोशिश करेगा, रूस को अपने नागरिकों और सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए उतनी ही कड़ी कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने कहा, "दुश्मन जितनी अधिक ऐसी कोशिशें करेगा, हमें आसपास के क्षेत्रों में उतना ही बड़ा सुरक्षा बफर जोन बनाना होगा।"
पुतिन ने यह भी दावा किया कि रूसी सेना ने लुहांस्क पीपल्स रिपब्लिक को पूरी तरह "मुक्त" करा लिया है।
संयुक्त सैन्य बल समूह (सीजेटीएफ) के एक अस्थायी कमांड पोस्ट पर आयोजित बैठक के दौरान पुतिन ने कहा, "मैंने देखा है कि सीजेटीएफ की यूनिट्स और फॉर्मेशन्स, सुरक्षा बलों (रूसी फेडरेशन के) के जनरल स्टाफ के बनाए ऑपरेशनल प्लान के हिसाब से अपने मिशन पूरे कर रही हैं। लुहांस्क पीपल्स रिपब्लिक की पूरी आजादी हाल ही में पूरी हुई है।"
उन्होंने कहा कि डोनेट्स्क पीपल्स रिपब्लिक के शेष क्षेत्रों के साथ-साथ जापोरिज्जिया और खेरसॉन क्षेत्रों में यूक्रेनी सैन्य इकाइयों के खिलाफ अभियान जारी है।
इस बीच, मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन के अनुसार, रूसी वायु रक्षा प्रणाली ने शुक्रवार की शुरुआत से मॉस्को को निशाना बनाकर भेजे गए 28 ड्रोन मार गिराए हैं।
अपने ताजा अपडेट में मेयर ने सोशल मीडिया पर बताया कि शुक्रवार रात रूसी राजधानी की ओर बढ़ रहे आठ और ड्रोन भी मार गिराए गए। सोबयानिन ने कहा, "आपातकालीन सेवाओं की टीमें मलबा गिरने वाले स्थानों पर काम कर रही हैं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 July 2026 9:44 AM IST












