सक्षम दायमा ने साझा किया 'दायरा' का अनुभव, बोले-पृथ्वीराज और करीना ने कभी स्टार जैसा महसूस नहीं होने दिया
मुंबई, 27 सितंबर (आईएएनएस)। एक्टर सक्षम दायमा फिल्म 'दायरा' में इंस्पेक्टर इब्राहिम अंसारी के किरदार के जरिए दर्शकों की वाहवाही लूट रहे हैं। इस बीच उन्होंने फिल्म में करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन जैसे कलाकारों के साथ काम करने के अपने अनुभव को साझा किया। उन्होंने कहा कि दोनों कलाकारों के साथ काम करना उनके लिए लगातार सीखने वाला अनुभव रहा। उन्होंने कभी ऐसा महसूस नहीं होने दिया कि वह किसी बड़े स्टार के साथ काम कर रहे हैं।
आईएएनएस से बात करते हुए सक्षम ने कहा, ''हर दिन उनके साथ काम करना मेरे लिए एक अलग सीखने वाला अनुभव था। मुझे सबसे अच्छी बात यह लगी कि दोनों में से किसी ने भी अपने स्टार होने का घमंड नहीं दिखाया। सेट पर माहौल काफी सहज और सहयोग वाला रहा, जिससे मैं अपने काम पर ध्यान दे सका और एक एक्टर के तौर पर आगे बढ़ सका।''
सक्षम ने कहा, ''पृथ्वीराज सुकुमारन की स्क्रीन प्रजेंस बहुत मजबूत है और उनके साथ सीन में मौजूद रहकर ही मैंने बहुत कुछ सीखा। वह खुद एक डायरेक्टर हैं, इसलिए वह सीन की बारीकियों को लेकर काफी गंभीर रहते हैं। चाहे डायलॉग हो, सिचुएशन हो या उस पल की भावना, वह हर चीज पर ध्यान देते हैं। इसके साथ ही वह बेहद गर्मजोशी से पेश आते हैं और अपने आसपास मौजूद सभी लोगों का ख्याल रखते हैं।''
सक्षम ने फिल्म के एक्शन सीक्वेंस की शूटिंग से जुड़ा एक खास किस्सा भी सुनाया। उन्होंने कहा, ''फिल्म का एनकाउंटर सीक्वेंस पालघर में दिसंबर के बीच में शूट किया गया था। इस दौरान बारिश वाले सीन के लिए करीब 10-12 पानी के टैंकर लगाए गए थे। ठंडी रात में खुले मैदान में लगातार पानी में भीगते हुए शूटिंग करना पूरी टीम के लिए काफी मुश्किल था।''
उन्होंने कहा, ''वह बेहद ठंडी रात थी और हम खुले मैदान में पूरी तरह भीगते हुए शूटिंग कर रहे थे। हर टेक के बाद हम कांप रहे होते थे। उस वक्त पृथ्वीराज का कोई शॉट नहीं था, लेकिन उस वक्त उन्होंने पूरे समय हमारे साथ वहीं रहना चुना। उस पल मुझे समझ आया कि कोई बड़ा स्टार सिर्फ स्टारडम की वजह से बड़ा नहीं होता, बल्कि यह भी मायने रखता है कि आप अपने आसपास के लोगों के साथ कैसा व्यवहार करते हैं।''
करीना कपूर खान के काम करने के तरीके की तारीफ करते हुए सक्षम ने कहा, ''वह बेहद शानदार एक्ट्रेस हैं। उनके सहज अभिनय के पीछे कड़ी तैयारी छिपी होती है। उनके कम डायलॉग वाले सीन्स में भी उनकी परफॉर्मेंस के अंदर बहुत कुछ चल रहा होता है।''
अपने किरदार इंस्पेक्टर इब्राहिम अंसारी के बारे में सक्षम ने कहा, ''इब्राहिम ऐसा इंसान है जो अपनी टीम के लिए पूरी तरह कमिटेड है और उसे रमन पर पूरा भरोसा है। वह सच में मानता है कि वह अपना फर्ज निभा रहा है और समाज की रक्षा कर रहा है। अपने नजरिए को अलग रखते हुए ऐसे मजबूत विश्वास वाले इंसान का किरदार निभाना मेरे लिए काफी दिलचस्प अनुभव था।''
'दायरा' का निर्देशन मेघना गुलजार ने किया है और इसमें करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 Sept 2026 3:31 PM IST












