'मानहानिकारक अभियान बेनकाब', दिल्ली हाई कोर्ट ने हिमानी पुरी से जुड़े पोस्ट हटाने का दिया आदेश

मानहानिकारक अभियान बेनकाब, दिल्ली हाई कोर्ट ने हिमानी पुरी से जुड़े पोस्ट हटाने का दिया आदेश
वरिष्ठ अधिवक्ता महेश जेठमलानी ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी की बेटी हिमानी पुरी से जुड़े सोशल मीडिया पोस्ट हटाने का आदेश एक “मानहानिकारक अभियान” के खिलाफ बड़ी “न्यायिक पुष्टि” (विंडिकेशन) है।

नई दिल्ली, 17 मार्च (आईएएनएस)। वरिष्ठ अधिवक्ता महेश जेठमलानी ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी की बेटी हिमानी पुरी से जुड़े सोशल मीडिया पोस्ट हटाने का आदेश एक “मानहानिकारक अभियान” के खिलाफ बड़ी “न्यायिक पुष्टि” (विंडिकेशन) है।

दिल्ली हाई कोर्ट ने हिमानी पुरी को अंतरिम राहत देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स एक्स, गूगल, यूट्यूब, मेटा और लिंक्डइन सहित अज्ञात “जॉन डो” पक्षों को निर्देश दिया कि वे 24 घंटे के भीतर उन सभी पोस्ट और यूआरएल को हटा दें, जिनमें उन्हें अमेरिकी फाइनेंसर और दोषी यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जोड़ा गया है।

हिमानी पुरी की ओर से पैरवी कर रहे महेश जेठमलानी ने कहा कि अदालत का यह आदेश स्पष्ट करता है कि ऑनलाइन लगाए गए आरोप बेबुनियाद और दुर्भावनापूर्ण थे, जिनका उद्देश्य उनकी छवि को नुकसान पहुंचाना था।

उन्होंने कहा, “मैं इसे सिर्फ राहत नहीं कहूंगा, यह एक तरह की पुष्टि है। किसी ऐसे व्यक्ति के खिलाफ भ्रामक और आपत्तिजनक अभियान चलाया जा रहा था, जिसका इन आरोपों से कोई लेना-देना नहीं है।”

यह आदेश न्यायमूर्ति मिनी पुष्कर्णा ने उस मानहानि याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया, जो हिमानी पुरी ने दायर की थी। याचिका में कहा गया था कि कई ऑनलाइन पोस्ट में झूठा दावा किया गया कि उनका एपस्टीन या उसके नेटवर्क से कोई वित्तीय या अन्य संबंध है, जो पूरी तरह निराधार है।

याचिका में गूगल, एक्स, मेटा और लिंक्डइन जैसे प्लेटफॉर्म्स को न सिर्फ संबंधित पोस्ट हटाने, बल्कि भविष्य में भी ऐसे किसी मानहानिकारक कंटेंट को नोटिस मिलने पर हटाने का निर्देश देने की मांग की गई थी।

हिमानी पुरी ने कंटेंट हटाने के अलावा 10 करोड़ रुपये के हर्जाने और आरोपियों पर स्थायी रोक लगाने की भी मांग की है, ताकि भविष्य में उनके खिलाफ इस तरह की सामग्री प्रकाशित या प्रसारित न हो।

अदालत ने मामले की सुनवाई जारी रहने के दौरान विवादित पोस्ट को तुरंत हटाने का अंतरिम आदेश दिया है। इस मामले में अगली सुनवाई बुधवार को होने की संभावना है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 March 2026 6:11 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story